Sarkari Naukri: झारखंड में सरकारी नौकरियां, ANM के 1985 JOBS पर बहाली शुरू; देखें jssc.nic.in
Sarkari Naukri in Jharkhand. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने शनिवार को एएनएम के 1985 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 5 सितंबर से 4 अक्टूबर तक ऑनलाइन फार्म भरे जाएंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। स्वास्थ्य विभाग की अनुशंसा पर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने शनिवार को महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के 1,985 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी। इनमें 1,699 नियमित तथा 287 बैकलॉग पद हैं। दोनों के लिए अलग-अलग नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। दोनों कैटेगरी के पदों के लिए आयोजित होनेवाली प्रतियोगिता के लिए पांच सितंबर से चार अक्टूबर तक ऑनलाइन फार्म भरे जाएंगे।
सबसे बड़ी बात यह कि इस नियुक्ति में राज्य के सरकारी अस्पतालों में कार्यरत एएनएम को आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इनके लिए अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, नियुक्ति के लिए तैयार होनेवाली मेधा सूची में अनुबंध पर कार्य कर रही एएनएम को अधिकतम 50 अंक का वेटेज भी दिया जाएगा। इसके तहत, प्रत्येक वर्ष के लिए पांच अंक का वेटेज मिलेगा।
अनुबंध पर कार्यरत एएनएम लगातार इसकी मांग कर रही थीं। एएनएम के पदों पर नियुक्ति के लिए न्यूनतम 45 फीसद अंकों के साथ मैट्रिक उत्तीर्ण होने के अलावा एएनएम का प्रशिक्षण तथा झारखंड राज्य नर्सिंग काउंसिल में निबंधन अनिवार्य है।
लिखित परीक्षा, एकेडमिक अंक आदि पर तैयार होगी मेधा सूची
नियुक्ति के लिए मेधा सूची लिखित मुख्य परीक्षा, एकेडमिक व प्रशिक्षण में प्राप्त अंक तथा अनुभव के आधार पर निर्धारित अंकों के आधार पर की जाएगी। लिखित परीक्षा एक घंटा की होगी जिसमें 50 अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे।
किस श्रेणी के कितने पदों पर नियुक्ति
अनारक्षित - एससी - एसटी - अत्यंत पिछड़ा वर्ग - पिछड़ा वर्ग नियमित नियुक्ति
957 - 177 - 442 - 63 - 59
बैकलॉग नियुक्ति
00 - 114 - 132 - 16 - 25