SAIL के 80 हजार ठेका श्रमिकों को दुर्गापूजा से पहले मिलेगा बोनस, 10 अक्टूबर तक होगा भुगतान
दुर्गापूजा से पहले सेल के 80 हजार ठेका श्रमिकों को उनके वार्षिक मूल वेतन का 8.33% बोनस मिलेगा। यह राशि ...और पढ़ें

21 हजार से कम मासिक वेतन वाले कर्मियों को मिलेगा 8.33 प्रतिशत बोनस।
HighLights
सेल के 80 हजार ठेका श्रमिकों को मिलेगा बोनस।
वार्षिक मूल वेतन का 8.33 प्रतिशत बोनस तय।
दुर्गापूजा से पहले 10 अक्टूबर तक होगा भुगतान।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गापूजा से पहले स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में काम करने वाले करीब 80 हजार ठेका श्रमिकों को बोनस मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सेल प्रबंधन ने ठेका श्रमिकों को उनके वार्षिक मूल वेतन का 8.33 प्रतिशत बोनस देने का निर्णय लिया है। यह राशि अक्टूबर के वेतन के साथ 10 अक्टूबर तक बैंक खाते में पहुंचाने की तैयारी है।
इस फैसले में सेल मुख्यालय, रांची की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रबंधन की ओर से सभी इकाइयों और ठेका कंपनियों के लिए जल्द नियमावली जारी की जाएगी। इसमें ठेका कंपनियों को पात्र श्रमिकों को निर्धारित समयसीमा में बोनस का भुगतान करने का निर्देश दिया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाली ठेका कंपनियों पर विभागीय कार्रवाई का भी प्रावधान रहेगा।
बोनस का लाभ उन ठेका श्रमिकों को मिलेगा, जिनका मासिक वेतन 21 हजार रुपये से कम है। इसका लाभ बोकारो इस्पात संयंत्र समेत सेल की विभिन्न इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को मिलेगा। दुर्गापूजा से पहले भुगतान की तैयारी होने से हजारों परिवारों को त्योहार के समय अतिरिक्त राशि उपलब्ध होगी।
सेल की इकाइयों में बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उत्पादन, रखरखाव और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों से जुड़े हैं। ऐसे में बोनस भुगतान को लेकर श्रमिकों और ठेका कंपनियों के बीच लंबे समय से प्रक्रिया पर नजर थी।
स्थायी कर्मचारियों के बोनस पर भी मंथन
सेल के करीब 52 हजार स्थायी एवं प्रशिक्षु कर्मचारियों के बोनस पर भी फैसला होना है। प्रबंधन और एनजेसीएस के प्रतिनिधियों के बीच एक अक्टूबर को नई दिल्ली में बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद पांच अक्टूबर तक भुगतान की तैयारी बताई गई है। पिछले वर्ष स्थायी कर्मचारियों को 29,500 रुपये और प्रशिक्षु कर्मचारियों को 23,600 रुपये बोनस मिला था।
