Coronavirus Update: कोरोना संक्रमित मिलने के बाद रांची के दो अस्पताल सील, 13 लोग क्वारंटाइन
Coronavirus. सदर अस्पताल में प्रसव करा चुकी महिला के कोरोना संक्रमित मिलने पर यह कदम उठाया गया। पूर्व आइएएस अधिकारी की मौत के बाद बरियातू का लेक व्यू नर्सिंग होम भी सील।
रांची, जासं। अस्पताल में सामान्य मरीजों की तरह इलाजरत एक महिला समेत दो लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि के बाद यहां सदर अस्पताल समेत दो अस्पतालों को सील कर दिया गया। शनिवार को सदर अस्पताल करीब छह घंटे सील रहा। इल दौरान इसे पूरी तरह सैनिटाइज किया गया। सदर अस्पताल में प्रसव करा चुकी महिला में शुक्रवार की रात कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद ऐसा कदम उठाया गया। वहीं बुधवार को सदर अस्पताल में महिला की डिलीवरी के दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर समेत 13 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। ये लोग महिला व उसके पति के संपर्क में आए थे।
सोमवार को अस्पताल के सभी कर्मियों की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। कोरोना के पांव पसारने के साथ ही शहर के करीब दो दर्जन से अधिक चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारी जांच के दायरे में आ गए हैं। उधर दूसरी ओर शनिवार को रांची के बरियातू निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी की मौत के बाद बरियातू के लेक व्यू हॉस्पिटल को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
यहां रिटायर्ड आइएएस अधिकारी का 16 दिनों तक इलाज चला था। ब्रेन हेमरेज के कारण घर में गिर जाने के बाद 70 वर्षीय सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी यहां भर्ती किये गए थे। 16 अप्रैल को हालत बिगडऩे पर उन्हें एयर एंबुलेंस से गुडग़ांव के मेदांता अस्पताल ले जाया गया था। शनिवार को वहां हुई जांच में उनमें कोरोना की पुष्टि हुई और शनिवार को ही वहीं उनकी मौत हो गई।
इसके बाद उनके अपार्टमेंट और संबंधित अस्पताल को सील कर दिया गया। शुक्रवार की रात महिला के कोरोना संक्रमित की पुष्टि होने के बाद सदर अस्पताल में इलाज करा रहे सभी मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के बाद करीब 20 लोगों का सैंपल भी लिया गया। इसके बाद मरीजों को छुट्टी दे दी गई। शनिवार को अस्पताल के महिला वार्ड, लेबर रूम सहित अस्पताल के सभी उपकरण व कोना-कोना सैनिटाइज किया गया।