ऑनलाइन खाना मंगवाने वाले सावधान! टोल फ्री नंबर पर फोन करते ही खाते से निकल गए 46 हजार Ranchi News
राजधानी रांची में ऑनलाइन डिलीवरी एप के जरिये खाना मंगवाना एक छात्र को महंगा पड़ा। साइबर अपराधियों ने उसके खाते से 46 हजार रुपये उड़ा लिया।
रांची, जेएनएन। भारत में ऑनलाइन शॉपिंग का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। शुरुआत में लोग ऑनलाइन केवल सामान या फोन ही मंगवाते थे लेकिन अब लोग खाना भी मंगवाने लगे हैं। ऐसे में साइबर अपराधी भी इस ताक में लगे रहते है कि पलक झपकते ही ग्राहकों के खाते में सेंध लगा दी जाए। राजधानी रांची में ऑनलाइन डिलीवरी एप के जरिये खाना मंगवाना एक छात्र को महंगा पड़ा। साइबर अपराधियों ने उसके खाते से 46 हजार रुपये उड़ा लिया।
इसे लेकर पंडरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी चान्हो निवासी रोहित कुमार ने दर्ज कराई है। वह पंडरा में रहकर पढ़ाई करता है। रोहित ने पुलिस को बताया कि वह जोमैटो एप से ऑनलाइन खाना का आर्डर किया था। ऑर्डर के ऐवज में 136 रुपये का भुगतान किया था। इसके बावजूद खाना की डिलीवरी नहीं होने से उसने टोल फ्री नंबर से संपर्क किया।
टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने पर ट्रांजेक्शन डिटेल मांगा। मोहित ने जैसे ही संबंधित नंबर को पूरी डिटेल्स दी। इसके बाद उसके खाते से दो बार में 46 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। इसके बाद वह पंडरा ओपी पहुंचा और प्राथमिकी दर्ज कराई।