आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उठ सकता है राम मंदिर का मुद्दा
संजय कुमार, रांची : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक 31
संजय कुमार, रांची :
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक 31 अक्टूबर से मुंबई में प्रारंभ हो रही है। तीन दिनों तक चलने वाली इस बैठक में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, देश की सुरक्षा, सीमा क्षेत्र का विकास, नई शिक्षा नीति एवं स्वदेशी वस्तुओं के निर्माण आदि मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। वैसे तो विधिवत बैठक 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक होगी, परंतु बैठक के एजेंडे पर चर्चा करने के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत, सर कार्यवाह भैयाजी जोशी सहित आरएसएस के अन्य केंद्रीय पदाधिकारी 26 अक्टूबर से ही पहुंचना शुरू कर दिए हैं। बैठक में सभी प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह, प्रांत प्रचारक एवं उनके सहयोगी, क्षेत्र संघचालक, क्षेत्र कार्यवाह, क्षेत्र प्रचारक एवं उनके सहयोगी, सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह, सभी सह सरकार्यवाह एवं सभी अखिल भारतीय अधिकारी और भाजपा सहित सभी विविध संगठनों के केंद्रीय संगठन मंत्री एवं उनके प्रमुख शामिल होंगे। बैठक में तक रीबन 300 से अधिक लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है। वर्ष में एक बार होने वाली संघ की इस अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक को दीवाली बैठक के नाम से भी लोग जानते हैं। प्रति वर्ष यह बैठक विजयादशमी के बाद एंवं दीपावली से पहले होती है।
संघ सूत्रों के अनुसार बैठक में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। विजयादशमी उत्सव के दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत ने अपने संबोधन में कहा भी था कि सरकार कानून बनाकर अयोध्या में राममंदिर निर्माण का मार्ग तैयार करे। सहयोगी संगठन विश्व ¨हदू परिषद ने भी पिछले दिनों देश के सभी राज्यों के राज्यपालों को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से मांग की है कि अध्यादेश लाकर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करे। बैठक में विहिप के भी केंद्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार वे बैठक में देश की जनता की भावनाओं से संघ के पदाधिकारियों को अवगत कराएंगे। इसके साथ ही बैठक में नई शिक्षा नीति जल्द से जल्द लागू करने एवं देश के सीमा क्षेत्रों के विकास पर जोर देने की भी चर्चा हो सकती है। देश की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा होगी। बैठक के अंत में इससे संबंधित प्रस्ताव भी पास किए जा सकते हैं।
सरकार के कामकाज पर भी हो सकती है चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक में केंद्र सरकार के कामकाज की भी चर्चा होगी। अभी हाल ही में देश के सभी राज्यों में संघ विचार परिवार के लोगों ने आपस में बैठक कर केंद्र सरकार के कामकाज की समीक्षा की थी। बैठक में लोगों ने जनता के बीच केंद्र सरकार के कामों को लेकर हो रही चर्चा से अधिकारियों को अवगत कराया था। उसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए आगे करना क्या है इस पर भी चर्चा हुई थी। बैठक में भाजपा की ओर से अमित शाह, राम माधव, राम लाल के उपस्थित रहने की संभावना है। उन्हें सरकार के कामकाज के बारे में जनता क्या सोचती है, बताया जाएगा।