RSS के क्षेत्र संघचालक बोले- हम समाज को देने वाला बनें, लेने वाले नहीं
Jharkhand. उत्तर पूर्व क्षेत्र के संघचालक सिद्धिनाथ सिंह ने शनिवार को रांची में आरएसएस के प्रांत स्तरीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग के उद्घाटन समारोह में स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
रांची, जासं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर पूर्व क्षेत्र के संघचालक सिद्धिनाथ सिंह ने कहा है कि भारत की मिट्टी पवित्र है। यहां देवता भी जन्म लेने को लालायित रहते हैं। हम सब इस वर्ग से देवत्व का भाव लें। यानी देने वाला बनें, लेनेवाला नहीं। हम बोन्साई पौधा नहीं बनें। वे शनिवार को झारखंड प्रांत के व्यवसायियों के सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन कुदलुम स्थित आदित्य जालान बीएड कॉलेज में किया गया है।
उन्होंने कहा कि हम अपने कर्म से समाज को नई दिशा देते हैं। कोई न कोई काम सभी स्वयंसेवक करते ही हैं। चाहे किसी तरह का व्यवसाय हो या कृषक, श्रमिक या सरकारी या फिर गैर सरकारी क्षेत्रों से जुड़े हों। भारत कृषि प्रधान देश है। जब पूछते हैं कि खेती कैसी चल रही है तो कहा जाता है कि जन यानी लोग नहीं मिलते। आज यह वर्ग पलायन करता नजर आ रहा है। यह पलायन उनमें सिर्फ कमाने की भावना निर्मित करता है। कमाने के साथ-साथ हमें यह भी सोचना चाहिए कि हमने समाज को क्या दिया।
सिद्धिनाथ सिंह ने कहा कि स्वयंसेवकों में स्वयंसेवकत्व का भाव जगाने एवं शाखा लगाने की जानकारी देने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण देने का काम चलता रहता है। यह वर्ग मानसिक, शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक चिंतन को मजबूत करने में सहायक होगा। सात दिनों में स्वयंसेवकों को कई तरह की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने वर्ग में भाग ले रहे प्रशिक्षणार्थियों को कहा कि शिक्षित होने के बाद भी नौकरी खोजना पड़े, यह कैसी शिक्षा प्रणाली? इसमें बदलाव लाने की जरूरत है।
क्षेत्र संघचालक ने कहा कि वर्ग में एक सप्ताह का समय आत्मावलोकन के लिए हमें मिलता है। संघ की शाखा में एकबार आए तो आजीवन स्वयंसेवक रहते हैं। सप्ताह भर चलने वाले इस वर्ग में पूरे राज्य से कुल 83 शिक्षार्थी सम्मिलित हुए हैं। ये वैज्ञानिक, चिकित्सा, अभियंता, शिक्षक, कृषक, एवं विभिन्न व्यवसाय से जुड़े हैं। इस वर्ग के वर्ग कार्यवाह सकलदेव चौरसिया, मुख्य शिक्षक मोहन कच्छप, सह मुख्य शिक्षक सुशील कुमार हैं। वर्ग में सातों दिन प्रांत कार्यवाह संजय कुमार, प्रांत प्रचारक रविशंकर, धनबाद विभाग प्रचारक गोपाल शर्मा, जमशेदपुर विभाग प्रचारक महेंद्र कुमार व हजारीबाग विभाग प्रचारक राजीव, विवेक कुमार सहित कई लोग मौजूद रहने वाले हैं।