रांची में दिव्यानी मोटर्स के मालिक से मांगी 20 लाख की रंगदारी Ranchi News
दिव्यानी मोटर्स के मालिक सुनील कुमार सिंह ने एक मोबाइल नंबर के खिलाफ अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राजधानी रांची के अरगोड़ा में नक्सली संगठन के नाम पर दिव्यानी मोटर्स के मालिक सुनील कुमार सिंह से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। सुनील कुमार सिंह अरगोड़ा थाना क्षेत्र के ही अशोक नगर के निवासी हैं। उन्होंने थाने में एक मोबाइल नंबर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस के अनुसार इस मामले में शरारती तत्वों का हाथ होने की आशंका है। दिव्यानी मोटर्स के मालिक को लोकल नंबर से धमकी दी गई है। पुलिस संबंधित नंबर को सर्विलांस पर रखकर आरोपित की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
बता दें कि बीते दिन राजधानी के कुछेक इलाके में भाकपा माओवादी के नाम से दीवारों पर पोस्टर भी चिपकाए गए थे। इसमें पुलिस को चेतावनी दी गई थी। तब पुलिस ने दीवारों पर लिखे गए नारों को मिटाकर पूरे मामले में कई लोगों से पूछताछ की थी।