दिल्ली में मंत्रियों के नाम पर माथापच्ची, राहुल गांधी का आखिरी फैसला
कांग्रेस को पांच सीटों की उम्मीद है जबकि विस अध्यक्ष की दावेदारी पार्टी छोड़ चुकी है। राहुल गांधी के साथ नाम फाइनल कर आरपीएन सीएम को सूची सौंपेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य मंत्रिमंडल में कांग्रेस कोटे से दो मंत्रियों को शपथ दिलाई जा चुकी है और शेष के लिए बातचीत जारी है। अभी तक की तैयारियों के अनुसार कांग्रेस पांच मंत्रियों के लिए स्थान पक्का मानकर चल रही है। इसके पीछे तर्क यह है कि पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष का पद लेने से इन्कार कर दिया है। इसके बदले पांच मंत्रियों की बात की जा रही है। हालांकि झामुमो विधायकों की संख्या के हिसाब से कांग्रेस को चार सीटें ही देने को राजी है। इस मसले पर दोनों ओर से विवाद को तूल नहीं देने का निर्णय भी हो चुका है। ऐसे में कोई भी बात दिल्ली में ही हो रही है और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का फैसला ही मान्य होगा।
राहुल के फैसले के बाद आरपीएन इससे संबंधित सूचना हेमंत सोरेन को देकर अंतिम तौर पर मंत्रियों की सूची को फाइनल कर सकते हैं। अभी तक की तैयारियों के अनुसार राजेंद्र सिंह और बन्ना गुप्ता के पूर्व अनुभवों को देखते हुए टीम में रखे जाने की संभावना है। इसके बाद मौका मिलेगा तो किसी नए चेहरे को मंत्रालय में जगह मिल सकती है और अभी इसी के लिए विधायक दौड़ लगा रहे हैं।
कांग्रेस का एक खेमा मंत्रालय में महिला विधायकों को जगह दिलाने के लिए भी सक्रिय है। कांग्रेस में पहली बार चार महिलाओं ने विधानसभा तक का सफर पूरा किया है और चारों पहली बार ही विधायक बनी हैं। इनके पास अनुभव तो कम है लेकिन इन्हीं में से किसी एक को मौका दिलाने के लिए जोर आजमाइश चल रही है। गुरुवार से दिल्ली में कुछ और विधायकों के पहुंचने की बात कही जा रही है जहां से वे अपनी रणनीति को अंजाम देंगे।
यह भी पढ़ें-Jharkhand Government: सात को चुने जाएंगे स्पीकर, स्टीफन, सरफराज व मथुरा पर नजर