Coronavirus Update: सोनिया गांधी से पहले आरपीएन ने ली कोरोना को लेकर कांग्रेस की तैयारियों की जानकारी
Coronavirus News Update. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने बताया कि संकट की घड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलों में निर्धन और जरूरतमंद परिवारों को राशन मुहैया करा रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी आरपीएन सिंह ने सोनिया गांधी से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायकों और कुछ सीनियर नेताओं से बातचीत कर प्रदेश में कोरोना को लेकर चल रही तैयारियों और सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पार्टी और सरकार द्वारा अब तक उठाए गए कदमों की समीक्षा भी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने बताया कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलों में निर्धन और जरूरतमंद परिवारों को राशन मुहैया करा रहे हैं और भोजन का भी प्रबंध किया जा रहा है। इसको लेकर अब तक हुए कार्यों की जानकारी पर आरपीएमसी ने संतोष व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं से अपील की कि पूरी ईमानदारी से आम लोगों की सेवा करें। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव को भी कई दिशा निर्देश दिए। शाम 4 बजे सोनिया गांधी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से झारखंड के कांग्रेस नेताओं से बातचीत करेंगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता मौजूद रहेंगे।