सीएम रघुवर छत्तीसगढ़ के चुनाव प्रचार में उतरे, रमन सिंह के साथ किया रोड शो
झारखंड के सीएम रघुवर ने कहा कि कार्यकर्ताओं व आम लोगों के उत्साह को देखते हुए तय है कि इस बार भी छत्तीसगढ़ में भाजपा की ही सरकार बनेगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने छत्तीसगढ़ में बुधवार को भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने बिलासपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ रोड शो किया। वे भाजपा के सात विधानसभा प्रत्याशियों के नामांकन में भी शामिल हुए और बिलासपुर में एक रैली को भी संबोधित किया।
बिलासपुर में आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों के उत्साह को देखते हुए तय है कि इस बार भी छत्तीसगढ़ में भाजपा की ही सरकार बनेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है जबकि कांग्रेस परिवार की पार्टी है। भाजपा में चाय वाला प्रधानमंत्री और मजदूर मुख्यमंत्री बन सकता है। कांग्रेस में ये संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत बनाना है। इसलिए झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के विकास के लिए भाजपा के मुख्यमंत्री लगे हुए है। रघुवर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि बिलासपुर में कांग्रेस का यह हाल है कि उसे उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं, वहीं, भाजपा के सभी सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल भी कर दिया है।