झारखंड के सभी जिलों में राजद करेगा सम्मेलन, केंद्र सरकार के खिलाफ रामलीला मैदान में जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता
राजद एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगा, जिसमें ...और पढ़ें

केंद्र सरकार की नीतियों का करेंगे विरोध, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव करेंगे नेतृत्व।
HighLights
राजद एक नवंबर को मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगा।
तेजस्वी यादव दिल्ली के रामलीला मैदान में विरोध का नेतृत्व करेंगे।
झारखंड राजद से दस हजार से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, रांची। केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों के विरुद्ध दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को हजारों की संख्या में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता व कार्यकर्ता जुटेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में झारखंड राजद से भी 10 हजार से अधिक नेता व कार्यकर्ता झंडा-बैनर के साथ दिल्ली जाएंगे।
प्रदेश राजद के नेताओं ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। झारखंड राजद के विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कहा कि नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार राज्य की रायल्टी नहीं देकर राज्य का विकास बाधित कर रही है।
एसआईआर के नाम पर हजारों लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और उन्हें वोट देने से वंचित किया जा रहा है। इन सभी बिंदुओं पर राजद सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की नीति व सिद्धांत जन विरोधी है, जिसका राजद विरोध करेगा। जोरदार आंदोलन होगा।
नवंबर में तेजस्वी यादव का होगा कार्यक्रम, सभी जिलों में सम्मेलन
नवंबर महीने में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का झारखंड में कार्यक्रम होगा। सभी जिलों में जिला सम्मेलन होगा। प्रेस वार्ता में राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने सभी जिला प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अभी से ही संगठन को मजबूत करने में लग जाएं। राजद कैसे मजबूत हो, इसपर सभी अपना ध्यान केंद्रित करें।
पार्टी के जिला प्रभारी अपने-अपने जिले में जाकर जिला अध्यक्ष से मिलकर सभी प्रकोष्ठों के साथ बातचीत कर बैठक करें और पंचायत, प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कमेटी का विस्तार करें। सभी पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष का फोन नंबर, एड्रेस व फोटो सहित कार्यालय को 30 नवंबर तक हर हाल में प्रदेश कार्यालय में जमा करें।
आने वाले समय में पंचायत चुनाव, विधानसभा, लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से ही सभी लग जाएं। जहां पार्टी की स्थिति मजबूत होगी, आने वाले समय में अधिक से अधिक सीटों पर राजद चुनाव लड़ेगा।
प्रेस वार्ता के मौके पर राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक सत्यानंद भोक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता यादव, गिरधारी यादव, आबिद अली, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, प्रणव कुमार बबलू, मनोज कुमार पांडेय, सुनीता चौधरी, इरफान अंसारी आदि उपस्थित थे।
