पिता लालू यादव से मिलेंगे छोटे बेटे तेजस्वी यादव, रिम्स में होगी मुलाकात Ranchi News
Lalu Prasad Yadav शनिवार को रिम्स में इलाजरत लालू प्रसाद यादव से मुलाकातियों का दिन होता है। अधिकतम तीन लोगों को उनसे मिलने की इजाजत जेल प्रबंधन द्वारा दी जाती है।
रांची, जेएनएन। चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से उनके छोटे बेटे बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव रांची के रिम्स में मुलाकात करने पहुंच रहे हैं। जेल प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक उनके बेटे तेजस्वी यादव का नाम शनिवार को उन तीन मुलाकातियों में शुमार है, जो लालू प्रसाद से मिलेंगे। बताया जा रहा है कि शाम में तेजस्वी अपने पिता लालू से मुलाकात कर सकते हैं।
इधर, बक्सर के पूर्व सांसद जगदानंद सिंह और मुजफ्फरपुर से अर्जुन राय ने लालू प्रसाद से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जगदानंद सिंह ने कहा कि लालू जी का स्वास्थ्य दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। हम प्रार्थना करते हैं कि सांप्रदायिकता के खिलाफ लडऩे वाले एकमात्र नेता को भगवान लंबी उम्र दे।
उन्होंने कहा कि हम पूरे उत्साह से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाएंगे। कहा कि राजद 2019 के लोकसभा चुनाव की हार को स्वीकार नहीं करता है। षड्यंत्र से भले ही कोई मतलब निकाला जाए। वे लोग चुनाव जीते हैं जिनकी सभाओं में लोग पहुंचते ही नहीं थे। जनता हमारे साथ थी। धूप-गर्मी बर्दाश्त कर हमारे चुनाव अभियान में जुटती थी।
पूर्व सांसद अर्जुन राय ने कहा कि देश में गरीब, शोषित पीडि़तों की आवाज को जेल में कैद कर दिया गया है। लालू जी की हालत सही नहीं है। जेल मैनुअल में सुधार की जरूरत है। सप्ताह में मात्र तीन लोगों से मिलने देना ठीक नहीं है। इसमें बदलाव की जरूरत है। उपचुनाव में गठबंधन के बिखरने के सवाल पर अर्जुन राय ने कहा कि महागठबंधन है और आगे भी रहेगा। उपचुनाव को हम सेमीफाइनल के रूप में देख रहे हैं। इसलिए इसमें थोड़ा प्रयोग हो रहा है। विधानसभा का चुनाव फाइनल होगा। उसमें महागठबंधन साथ मिल कर लड़ेगा।
बता दें कि हाल के दिनों में लालू की बहू ऐश्वर्या राय को लेकर परिवार में बने तनाव के माहौल के बाद तेजस्वी की मुलाकात संभावित थी। इधर बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के संगठन चुनाव और झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी की रणनीति तय करने के लिए तेजस्वी लालू से रणनीतिक मशविरा करेंगे।
रिम्स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे लालू प्रसाद यादव ने चारा घोटाले के दुमका कोषागार मामले में शुक्रवार को झारखंड हाई कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। इससे पहले उन्हें आधी सजा काटने के ग्राउंड पर देवघर ट्रेजरी मामले में उच्च न्यायालय से जमानत मिल चुकी है। डॉक्टरों के मुताबिक लालू की सेहत फिलहाल स्थिर है। उन्हें 85 मिलीग्राम राेज इंसुलिन का डोज दिया जाता है।