महागठबंधन के तहत हेमंत के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की तैयारी
रांची चारा घोटाले के चार मामलों में सजायाफ्ता लालू प्रसाद से मिलने शनिवार को राज्य राजद अध्यक्ष अभय सिंह सिंह सहित अन्य लोग मिले। महागठबंधन पर बात हुई। तय हुआ कि अगला विस चुनाव हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
रांची : चारा घोटाले के चार मामलों में सजायाफ्ता लालू प्रसाद से मिलने शनिवार को उनके पारिवारिक करीबी विमल सिंह, राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह व हुसैनाबाद से राजद नेता लव कुमार मेहता पहुंचे। लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद अभय कुमार सिंह ने बताया कि उनसे राजनीतिक मामलों पर चर्चा हुई है। राजद महागठबंधन के तहत हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार है। इसके लिए सीटों का बंटवारा महागठबंधन की बैठक में होगा।
महागठबंधन में शामिल सभी दलों की बैठक के बाद तय होगा कि कौन कहा से चुनाव लड़ेगा। अभय सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद से उन सभी सीटों पर चर्चा हुई जहां से पार्टी को चुनाव लड़ना है।
छतरपुर के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि वहां के मनोज भुइयां झाविमो में शामिल हो गए हैं। जबकि राजद वहां दूसरे स्थान पर है। इस पर लालू प्रसाद ने वहां से किसी सक्षम व्यक्ति को खड़ा करने की बात कही।
सरकार को उखाड़ फेंकने को लेकर राजद कटिबद्ध
अभय सिंह ने बताया कि हमलोगों की तैयारी पूरी है। भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकना है। हुसैनाबाद के राजद नेता लव कुमार ने बताया कि हुसैनाबाद में 15 सितंबर को जगदेव जी के शहादत दिवस को लेकर लालू प्रसाद से चर्चा की। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के शिवपूजन मेहता की आलोचना भी की।
तबीयत में सुधार नहीं, परिवार से मिलने के बाद मन ठीक
लालू प्रसाद के पारिवारिक सदस्य विमल यादव ने कहा कि लालू यादव की तबीयत तो ठीक नहीं है, लेकिन परिवार के सदस्य से मुलाकात के बाद थोड़ा मन ठीक हुआ। बातचीत के क्रम में लालू प्रसाद काफी प्रसन्न दिखे। वे हंसे और खुलकर बात की। कहा कि वे परिवार के सभी सदस्यों के लिए चिंतित हैं। वे सुलझे हुए व्यक्ति हैं। आने वाले दिनों में सब सुलझ जाएगा। लालू जी ने कहा कि वक्त आएगा और हम रक्षाबंधन व पंद्रह अगस्त अपने पुराने तरीके से मनाएंगे।
आर्थराइटिस के दर्द से लालू प्रसाद का टहलना हुआ कम
डॉ.डीके झा ने लालू प्रसाद के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वे इन दिनों अपनी पुरानी बीमारी आर्थराइटिस से परेशान हैं। इस बीमारी के कारण उनका चलना-फिरना कम हो गया है। वैसे चलने-फिरने के लिए उनको प्रोत्साहित किया जाता है। जितना संभव है, वे चलते हैं। अभी उन्हें किसी नई जाच की जरूरत नहीं है। इसके अलावा डॉ. झा ने कहा कि लालू प्रसाद की हृदय गति में एक्स्ट्रा बीट आ रहा है। यह नॉर्मल बीट से ज्यादा है।
खाना ठीक से खा रहे हैं
डॉ. झा ने कहा कि लालू प्रसाद की हालत में सुधार है। सब नियंत्रित है। वे खाना ठीक से खा रहे हैं। खाने के लिए किसी तरह की उनकी कोई डिमाड नहीं है।