Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand RJD Candidates List: महागठबंधन में राजद को मिली 6 सीटें, प्रत्याशियों के नाम भी घोषित; देखें सूची

    Updated: Tue, 22 Oct 2024 09:37 PM (IST)

    झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को छह विधानसभा सीटें मिली हैं जिनमें देवघर गोड्डा कोडरमा चतरा विश्रामपुर और हुसैनाबाद शामिल हैं। राजद ने अपने प्रत्याशियों के नामों की भी घोषणा कर दी है। अपने प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होने के लिए तेजस्वी यादव भी आएंगे।

    Hero Image
    राजद को छह सीट, प्रत्याशियों के नाम घोषित

    राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Election 2024 पिछले चार दिनों से आइएनडीआइ गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर चल रहे विवाद का मंगलवार को समाधान हो गया। गठबंधन दल के साथी राष्ट्रीय जनता दल (RJD Candidates List) को छह विधानसभा सीटों पर संतोष करना पड़ा। इन विधानसभा सीटों में देवघर, गोड्डा, कोडरमा, चतरा, विश्रामपुर व हुसैनाबाद सीट राजद की झोली में आए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सीटों पर निर्णय के बाद राजद ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी कर दी है। इनमें देवघर से सुरेश पासवान, गोड्डा से संजय प्रसाद यादव, कोडरमा से सुभाष यादव, चतरा से रश्मि प्रकाश, विश्रामपुर से नरेश प्रसाद सिंह व हुसैनाबाद सीट से संजय कुमार सिंह यादव को राजद ने अपना प्रत्याशी बनाया है।

    रश्मि प्रकाश झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता की बहू हैं। इस विधानसभा चुनाव में सत्यानंद भोक्ता चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। कोडरमा से घोषित प्रत्याशी सुभाष यादव अभी जेल में हैं।

    चार दिन तक जमे रहे तेजस्वी

    राजद पिछले 15 दिनों से आइएनडीआइ में प्रेशर पालिटिक्स कर रहा था। पहले राजद ने 22 सीटों पर अपनी दावेदारी की थी। राजद झारखंड के नेताओं ने इससे संबंधित प्रेस बयान भी जारी किया था और इसकी सूचना राजद के केंद्रीय नेतृत्व को दी थी।

    राजद के कार्यकारी अध्यक्ष सह बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव 18 अक्टूबर से ही रांची में जमे रहे। पांच दिनों तक सीट को लेकर मशक्कत होती रही। महागठबंधन के सहयोगी दलों ने उन्हें उस अनुरूप तवज्जो नहीं दी। सीट पहले से तय था और वहीं हुआ। राजद को छह सीटों पर संतोष करना पड़ा।

    वर्ष 2019 के चुनाव में राजद सात सीटों पर लड़ा था चुनाव

    वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में राजद ने सात सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें कोडरमा से सुभाष यादव, हुसैनाबाद से संजय कुमार सिंह यादव, चतरा से सत्यानंद भोक्ता, छतरपुर से विजय कुमार राम, बरकट्ठा से खालीद खलील, देवघर से सुरेश पासवान व गोड्डा से संजय प्रसाद यादव चुनाव लड़े थे। इन सात सीटों में राजद को केवल चतरा में जीत मिली थी।

    राजद से रश्मि प्रकाश बुधवार को दाखिल करेंगी नामांकन

    चतरा विधानसभा क्षेत्र के राजद प्रत्याशी रश्मि प्रकाश बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। उनके नामांकन में बिहार में प्रतिपक्ष के नेता सह पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। तेजस्वी यादव सड़क मार्ग से पटना से चतरा आ रहे हैं। यहां के निजी होटल में उन्हें रहने की व्यवस्था की गई है। होटल की सुरक्षा व्यवस्था चौक-चौबंद कर दी गई है।

    झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी अपने नेता की आवभगत में लगे हुए हैं। तेजस्वी यादव रात को पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे और चुनाव की रणनीति बनाएंगे। दूसरे दिन नामांकन के बाद सदर थाना के समीप आहूत जनसभा में शामिल होंगे और पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने का अपील करेंगे।

    ये भी पढे़ं- Jharkhand Election: लुइस मरांडी का 'खेल' BJP को करेगा 'फेल'? झारखंड में बैकफुट पर दिख रही भाजपा

    ये भी पढ़ें- Jharkhand Election: भाकपा ने 12 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, चतरा से डोमन और कांके से संतोष पर दांव