Lockdown Extension: अब रिजर्व पुलिस बल को भी विधि-व्यवस्था में लगाने की तैयारी
Lockdown Extension. पहले निजी व्यक्तियों के अंगरक्षक फिर रिटायर्ड अधिकारियों के कर्मी भी वापस लिए गए ताकि विषम परिस्थिति में उनका उपयोग किया जा सके।
रांची, राज्य ब्यूरो। कोरोना संक्रमण को देखते हुए पूरे देश में प्रभावी लॉकडाउन के बीच विधि-व्यवस्था का संकट उत्पन्न होता जा रहा है। लॉकडाउन उल्लंघन का मामला भी बढ़ता जा रहा है। ऐसे में राज्य पुलिस को सशस्त्र बलों की कमी महसूस होने लगी है। इस स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व में रखे गए पुलिस बल को भी विधि-व्यवस्था की ड्यूटी में लगाने की तैयारी है। पुलिस मुख्यालय ने इस बाबत जहां निजी व्यक्तियों के अंगरक्षकों को वापस बुलाया, वहीं अब सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के यहां तैनात पुलिसकर्मियों को बुलाया जा रहा है।
बताते चलें कि जिला सहित वाहिनी-इकाइयों में बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान रिजर्व रखे गए हैं। लॉकडाउन के साथ ही पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को यह निर्देश जारी किया था कि वे अपने-अपने पास उपलब्ध बल का 10 फीसद रिजर्व रखें, ताकि विषम परिस्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। इसी तरह जैप, आइआरबी, एटीएस आदि में तैनात अधिकारियों व जवानों का भी रिजर्व बल तैयार रखने का आदेश दिया गया था।