14 अक्टूबर से 27 नवंबर तक रांची-शालीमार के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, झारखंड के यात्रियों को राहत
रेलवे ने दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रांची और शालीमार के बीच द्वि-साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन ...और पढ़ें

16 कोच की ट्रेन के दोनों दिशाओं में होंगे 14-14 फेरे।
HighLights
रांची-शालीमार पूजा स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर से शुरू होगी।
यह ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को रांची से चलेगी।
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के लिए अतिरिक्त भीड़ संभालेगी।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गापूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने रांची और शालीमार के बीच द्वि-साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 08616/08615 रांची-शालीमार-रांची पूजा स्पेशल का परिचालन 14 अक्टूबर से शुरू होगा।
रांची से यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी, जबकि शालीमार से प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को परिचालित होगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के 14-14 फेरे होंगे। रांची रेल मंडल की ओर से दुर्गापूजा और दीपावली व छठ के दौरान करीब 13 ट्रेनों का परिचालन होना है। इसमें कुछ ट्रेनों के परिचालन का घोषणा हो चुकी है।
ट्रेन संख्या 08616 रांची-शालीमार पूजा स्पेशल 14 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रात 11 बजे रांची से रवाना होगी। नामकोम, टाटीसिलवे, मुरी, झालिदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी और आद्रा होते हुए यह ट्रेन सुबह 6:10 बजे खड़गपुर पहुंचेगी। इसके बाद सांतरागाछी होते हुए सुबह 8:30 बजे शालीमार पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08615 शालीमार-रांची पूजा स्पेशल 15 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को रात 10:15 बजे शालीमार से रवाना होगी। सांतरागाछी, खड़गपुर, आद्रा, बोकारो स्टील सिटी, कोटशिला, झालिदा, मूरी, टाटीसिलवे और नामकोम होते हुए सुबह 7:55 बजे रांची पहुंचेगी।
16 कोच की होगी ट्रेन
पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इसमें दो एसएलआरडी, चार सामान्य श्रेणी, सात द्वितीय श्रेणी स्लीपर, दो वातानुकूलित 3-टियर और एक वातानुकूलित 2-टियर कोच शामिल होंगे। रेलवे के अनुसार, दुर्गापूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
