विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेयर बाजार में लाखों के नुकसान पर रांची के युवक ने वाराणसी पुल पर की आत्महत्या की कोशिश, पुलिस ने बचाया

Published: Mon, 24 Aug 2026 09:45 AM (GMT+05:30)

शेयर बाजार में लाखों के नुकसान से परेशान रांची के एक युवक ने वाराणसी के राजघाट रेलवे पुल पर आत्महत्या ...और पढ़ें

रांची से वाराणसी पहुंचकर पुल पर चढ़ा 35 वर्षीय युवक, पुलिस की सूझबूझ से बची जान। (तस्वीर: एआई जेनरेटेड)

रांची से वाराणसी पहुंचकर पुल पर चढ़ा 35 वर्षीय युवक, पुलिस की सूझबूझ से बची जान। (तस्वीर: एआई जेनरेटेड)

HighLights

  1. रांची का युवक शेयर बाजार में नुकसान से परेशान था।

  2. वाराणसी के राजघाट रेलवे पुल पर आत्महत्या का प्रयास किया।

  3. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने युवक को सुरक्षित बचाया।

जागरण, संवाददाता, रांची। शेयर बाजार में कारोबार के दौरान लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान से परेशान रांची का 35 वर्षीय युवक आत्महत्या करने के इरादे से वाराणसी पहुंच गया। युवक ने गंगा नदी पर बने राजघाट रेलवे पुल पर चढ़कर जान देने का प्रयास किया।

हालांकि, परिजनों से मिली सूचना के बाद रामनगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बचा लिया। घटना 21 अगस्त की है। मोरहाबादी के कुसुम विहार निवासी चंदन कुमार शेयर बाजार में लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान के कारण मानसिक तनाव में थे।

बताया गया कि वह बिना किसी को बताए रांची से ट्रेन से वाराणसी पहुंच गए। वहां राजघाट रेलवे पुल पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास करने से ठीक पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर परिजनों को भेज दिया। वीडियो मिलते ही परिजन घबरा गए और तत्काल स्थानीय पुलिस तथा वाराणसी पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही सूजाबाद चौकी पुलिस सक्रिय हो गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामनगर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी। टीम तत्काल राजघाट रेलवे पुल पर पहुंची। वहां चंदन कुमार पुल पर बेहद खतरनाक स्थिति में खड़े थे।

 

पुलिसकर्मियों ने युवक से धैर्यपूर्वक बातचीत शुरू की। करीब आधे घंटे तक समझाने-बुझाने और बातचीत के बाद युवक शांत हुआ। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सावधानीपूर्वक उसे पुल से सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस युवक को सूजाबाद पुलिस चौकी लेकर पहुंची, जहां उसे पानी और चाय दी गयी तथा समझाया-बुझाया गया। बाद में रांची से वाराणसी पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।