बैंड प्रतियोगिता के दोनों वर्गो में रांची विजेता
राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता के बालक व बालिका दोनों वर्गो में रांची विजेता बना।
जागरण संवाददाता, रांची : राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता के बालक व बालिका दोनों वर्गो में रांची टॉपर बना। बालिका वर्ग में 100 में 92 अंक लाकर संत अन्ना गर्ल्स स्कूल मांडर और बालक वर्ग में 90.5 अंकों के साथ डब्ल्यू जॉन मल्टीपर्पस स्कूल विजेता बना। बालक वर्ग में दूसरे स्थान पर लोहरदगा व तीसरे स्थान पर कोडरमा का बैंड रहा। इसी तरह बालिका वर्ग में दूसरे स्थान पर रामगढ़ व तीसरे स्थान पर बोकारो रहा।
जैप ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में विजयी टीमों को पुरस्कृत करते हुए राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि अब क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए खूब मेहनत करें। कहा, बैंड एक संगीत का स्वर है जिसका सृजन पांचों ज्ञानेन्द्रियों के एक लय में सामांजन से होता है। प्रतियोगिता में सभी 24 जिलों की बैंड टीमों ने भाग लिया। संचालन रेणुका तिग्गा एवं संजय कुमार ने किया। सफल आयोजन में अर्चना कुल्लू, तरुण सिंह, टी. जहां, दिनेश कुमार, ज्येाति कुमार, विनोद कुमार, पल्लव कुमार, अश्रि्वनी तिवारी ने सहयोग किया।
--
दिसंबर में क्षेत्रीय स्तर पर दिखाएंगे जौहर
दोनों वर्ग में प्रथम स्थान पर रहने वाली बैंड की टीम अब क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता दिसंबर के दूसरे सप्ताह में रांची के जैप ग्राउंड में ही होगा। इसमें ओडिशा, बिहार, प. बंगाल, अंडमान निकोबार व झारखंड की टीम शामिल होंगे। क्षेत्रीय स्तर में प्रथम आने वाले बालक-बालिका की टीम दिसंबर के तीसरे सप्ताह में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहीं प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह दिख रहा था।