विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज: रांची में बारिश से गिरा तापमान, कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

Published: Fri, 20 Mar 2026 07:54 AM (IST)

मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 मार्च के लिए झारखंड के कई जिलों में तेज हवाओं (60-70 किमी/घंटा), बिजली गिरने और ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में हुई बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। तापमान गिरने से ठंडी हवाओं का असर भी बढ़ने लगा है। गुरुवार को देर शाम अचानक तेज हवा बहने के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बह रही ठंडी हवा ने आमजनों को गर्मी से राहत दी।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि 20 मार्च को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी, लाेहरदगा, कोडरमा और धनबाद में मेघगर्जन के साथ 60 से 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने के साथ साथ बिजली गिरने की संभावना है।

इन जिलों में ओलावृष्टि के संकेत भी दिए गए हैं। वहीं, राज्य के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के अलावा दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहेगी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने इन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं, 21 मार्च को राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से तेज हवा के साथ हल्की वर्षा और ओलावृष्टि ने जिले का तापमान गिरा दिया है।

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। साथ ही धनबाद में ओलावृष्टि भी हुई। सबसे अधिक वर्षापात 43 मिमी बोकारो के नावाडीह में रिकार्ड किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार का रिकार्ड किया गया।

वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा, 20 और 21 मार्च को पूरे राज्य में सभी जगहों पर सामान्यत: बादल छाए रहेंगे। कुछेक स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद 22 और 23 मार्च को आसमान मुख्यत: साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

सभी जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा, 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम का मिजाज बदलते ही मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने आमजनों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

ऐसा रहेगा राजधानी का मौसम

  • 20 मार्च : अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 19 डिग्री
  • 21 मार्च : अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 17 डिग्री
  • 22 मार्च : अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 17 डिग्री
  • 23 मार्च : अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 18 डिग्री