रांची विश्वविद्यालय में वोकेशनल छात्रों को पीएचडी में दाखिले का मौका, 22 अक्टूबर से इंटरव्यू
रांची विश्वविद्यालय में नए पीएचडी रेगुलेशन 2022 के तहत नामांकन प्रक्रिया जारी है, जिसमें 22 अक्टूबर से इंटरव्यू शुरू होंगे। ...और पढ़ें

इंटर डिसीप्लीनरी के तहत हो रहा है नामांकन वोकेशनल के कई विद्यार्थियों ने दिया है आवेदन।
HighLights
रांची विवि में पीएचडी नामांकन प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू।
वोकेशनल कोर्स के छात्रों को पीएचडी में दाखिले का अवसर।
संबंधित विभाग से जुड़कर ही वोकेशनल छात्र कर सकेंगे पीएचडी।
दिवाकर सिंह, रांची। रांची विश्वविद्यालय में नए पीएचडी रेगुलेशन 2022 के तहत पीएचडी में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। 22 अक्टूबर से चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू होने वाला है। वहीं इस प्रक्रिया में रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत चल रहे वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थियों को भी नामांकन का मौका मिल रहा है।
हालांकि इसमें कुछ ही ऐसे कोर्स हैं जिनके विद्यार्थियों को पीएचडी में नामांकन का अवसर प्राप्त हो रहा है। संकाय के आधार पर वोकेशनल के विद्यार्थियों का नामांकन लिया जाएगा।
वोकेशनल कोर्स के कुछ विषय को ही मौका
विवि में पीएचडी नामांकन के लिए कुछ ही वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थियों को मौका मिल रहा है। इसके तहत जिन विषयों के विद्यार्थियों ने आवेदन दिया है उसमें सीएनडी, एमसीए, आरडी, इवीएस और एमबीए कोर्स शामिल है।
ये ऐसे विषय हैं जो किसी न किसी विभाग से जुड़कर संचालित हो रहे हैं। इसमें सीएनडी होम साइंस के साथ, एमसीए गणित विभाग के साथ, आरडी अब सोशियोलाजी के साथ, इवीएस बाटनी के साथ और एमबीए कामर्स विभाग के साथ संचालित हो रहा है।
इस वजह से इनके विद्यार्थियों को पीएचडी में नामांकन का मौका मिल रहा है। इसके अलावा अन्य वोकेशनल कोर्स जो विभाग से जुड़े हुए नहीं है उनके विद्यार्थियों को पीएचडी करने का मौका नहीं मिल रहा है।
संबंधित विभाग से ही कर पाएंगे पीएचडी
ऐसा नहीं है कि वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थी अगर इंटरव्यू में सफल होते हैं तो अपने ही विषय से पीएचडी कर पाएंगे। उनको अपने संबंधित विभाग से ही पीएचडी करना होगा। उदाहरण के लिएअगर सीएनडी का कोई विद्यार्थी पीएचडी इंटरव्यू में सफल होता है तो वो होम साइंस विभाग के साथ ही पीएचडी कर सकेगा।
इसके अलावा मास कम्यूनिकेशन का विद्यार्थी हिंदी या इंग्लिश सहित मानविकी संकाय के किसी भी विषय से पीएचडी कर सकेगा। इसी तरह एमबीए के विद्यार्थी कामर्स या इकोनामिक्स के साथ पीएचडी कर पाएंगे।
विवि में 22 से शुरू होगी इंटरव्यू प्रक्रिया
रांची विवि में पीएचडी नामांकन प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू का आयोजन 22 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। 24 तक चलने वाले इस इंटरव्यू प्रक्रिया में विद्यार्थियों को उनके क्रम के अनुसार बुलाया जाएगा।
शोध निदेशक डाॅ. एमपी हसन ने बताया कि वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थियों को पीएचडी का मौका मिल रहा है। उनके लिए अपने संबंधित विषय से जुड़कर शोध करने का मौका दिया जा रहा है।
