रांची विश्वविद्यालय पीएचडी नामांकन: इंटरव्यू 22 से 24 अक्टूबर तक, 2009 रेगुलेशन वालों को अवसर
रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन के लिए 22, 23 और 24 अक्टूबर को इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। 2009 रेगुलेशन के ...और पढ़ें

पीएचडी इंटरव्यू की तारीख की गयी जारी विभागों से मांगा गया कोर्स वर्क के विषय का प्रारूप।
HighLights
पीएचडी नामांकन के लिए इंटरव्यू 22, 23 और 24 अक्टूबर को।
2009 रेगुलेशन के अभ्यर्थियों को भी मिलेगा अवसर।
कोर्स वर्क 2 जनवरी 2027 से, सिलेबस प्रारूप मांगा गया।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए इंटरव्यू का आयोजन 22, 23 और 24 अक्टूबर को 11 बजे किया जा रहा है। वहीं किस दिन किस अभ्यर्थी को आना है इसकी सूची भी जारी की जाएगी। इसको तय करके अभ्यर्थियों की सूची उनके नंबर के अनुसार विवि के वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
इसके अलावा 2009 पीएचडी रेगुलेशन के अनुसार जिनका कोर्स वर्क या डीआरसी हो गया है उनकी सूची भी संबंधित विभाग को 22 से 24 अक्टूबर तक भेज दी जाएगी। शोध निदेशक डा. एमपी हसन ने बताया कि इंटरव्यू की तारीख को वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
कोर्स वर्क के लिए विभागों से मांगा गया प्रारूप
रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन के बाद कोर्स वर्क की शुरुआत दो जनवरी 2027 से होना है। इसके लिए पहला पेपर सामान्य रहेगा, जबकि दूसरा और तीसरा पेपर विषय के अनुरूप रहेगा।
इसके लिए शोध निदेशालय ने सभी पीजी विभागों के विभागाध्यक्षों को पत्र भेजकर संबंधित विषय के दूसरे और तीसरे पेपर का सिलेबस का प्रारूप मांगा गया है। जिससे समय पर कोर्स वर्क की शुरुआत की जा सके। इसके बाद कोर्स वर्क के फाइनल सिलेबस को जारी किया जाएगा।
डोरंडा कालेज में तीन दिवसीय युवा महोत्सव
कालेज में जब युवा महोत्सव का रंग चढ़ता है तो पूरा कैंपस सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो जाता है। मंगलवार को डोरंडा कालेज में हिलोर 2026 का आगाज हुआ। प्रतिभा, कला और अभिव्यक्ति के विवि रंगों से सजे महोत्सव का पहला दिन संगीत और नृत्य के नाम रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची विश्वविद्यालय के कुल सचिव डा. राजकुमार शर्मा थे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में कला एवं संस्कृति के निदेशक डा. आनंद ठाकुर उपस्थित रहे। इनके अलावा प्रोफेसर इंचार्ज डाॅ. मंजू लाल, डाॅ. शिल्पी सिंह, डाॅ. ब्रजेश कुमार व डाॅ. मलय भारती सहित अन्य मौजूद थे।
विशिष्ट अतिथि डाॅ. आनंद कुमार ठाकुर ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को बेहतर मंच दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे भविष्य के कार्यक्रमों के लिए अपने सुझाव कला एवं संस्कृति निदेशालय को भेजें, अमल किया जाएगा।
पहले दिन संगीत और नृत्य की आठ प्रतियोगिता
महोत्सव के दूसरे सत्र में संगीत एवं नृत्य की 8 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें सुगम/हल्का एकल गायन, पाश्चात्य एकल गायन, समूह गायन (भारतीय एवं पाश्चात्य), लोक वाद्यवृंद, शास्त्रीय व पाश्चात्य एकल वाद्य वादन, शास्त्रीय नृत्य तथा लोक/आदिवासी नृत्य शामिल रहे। निर्णायक के रूप में डाॅ. मृणाल पाठक और डॉ. विपुल नायक ने भूमिका निभाई। इस अवसर पर सत्र के समन्वय डाॅ. प्रिया कुमारी और डाॅ. युगेश कुमार महतो, डाॅ. अरविंद कुमार, प्रो ममता प्रिया कुजूर व मीडिया प्रभारी अवधेश कुमार सहित अन्य शामिल रहे।
