रांची विश्वविद्यालय में पांच डायरेक्टर नियुक्त, नामांकन के लिए भी बनाया गया प्रभारी
रांची विश्वविद्यालय ने गुरुवार को पांच नए डायरेक्टरों की नियुक्ति की घोषणा की, साथ ही एक शिक्षक को नामांकन प्रभारी ...और पढ़ें

रांची विश्वविद्यालय की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
रांची विश्वविद्यालय ने पांच नए डायरेक्टर नियुक्त किए।
एक शिक्षक को विश्वविद्यालय का नामांकन प्रभारी बनाया गया।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय में विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए पांच निदेशकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा एक शिक्षक को विश्वविद्यालय का नामांकन प्रभारी बनाया गया है। इस संबंध में गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी गई।
पीजी जूलाजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आनंद कुमार ठाकुर को डायरेक्टर स्टूडेंट आर्ट एंड कल्चर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एसएस मेमोरियल कॉलेज के हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल बिरेंद्र कुल्लू को डायरेक्टर स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजुकेशन नियुक्त किया गया है।
पीजी फिजिक्स विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजकुमार सिंह को डायरेक्टर इनफार्मेशन टेक्नोलाजी एंड डिजिटल लर्निंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पीजी इंग्लिश विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. सुमित कुमार डे को डायरेक्टर इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप एंड प्लेसमेंट बनाया गया है।
इसके अलावा पीजी हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनीता गुप्ता को डायरेक्टर लाइफलांग लर्निंग एंड एजुकेशन नियुक्त किया गया है। वहीं, पीजी गणित विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शीतल निहाल टोपनो को विश्वविद्यालय का नामांकन प्रभारी बनाया गया है। वह विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू को रिपोर्ट करेंगी।
विवि में निदेशकों की नियुक्ति का उद्देश्य
विश्वविद्यालयों में निदेशकों की नियुक्ति का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों, अनुसंधान, क्षेत्रीय केंद्रों और विभिन्न शैक्षणिक विभागों के संचालन को अधिक कुशल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।
विश्वविद्यालय का दायरा बड़ा होने के कारण कुलपति के लिए सभी विभागों और कार्यों की सीधे निगरानी करना संभव नहीं होता। ऐसे में अलग-अलग क्षेत्रों और जिम्मेदारियों के बेहतर संचालन के लिए विशिष्ट कार्यों की जिम्मेदारी निदेशकों को सौंपी जाती है।
