India vs. West Indies match : रांची में स्टेडियम के बाहर 2 हजार का टिकट 4 हजार में बेचने का खेल
रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच के टिकटों की भारी मारामारी के बीच खुलेआम दोगुनी कीमत पर कालाबाजारी हो रही है। ...और पढ़ें

HighLights
रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच के टिकटों की भारी कालाबाजारी।
प्रशंसकों ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था की मांग की।
जासं, रांची। जेएससीए (JSCA) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में नौ अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज T-20 मुकाबले को लेकर रांची में जबरदस्त उत्साह है।
सोमवार को टिकट काउंटर खुलते ही टिकटों के लिए भारी मारामारी देखने को मिली, वहीं स्टेडियम के ठीक बाहर खुलेआम दोगुने दाम में टिकट बेचे जा रहे हैं।
दलाल 2000 रुपये वाले टिकट के लिए चार हजार रुपये और 2500 रुपये वाले टिकट के बदले पांच हजार रुपये तक वसूलते नजर आए। आधी रात से कतारों में लगे प्रशंसकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बच्चों और महिलाओं को पैसे देकर कतार में लगवाने का आरोप
झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल और बिहार से पहुंचे क्रिकेट प्रेमी देर रात से ही लाइनों में खड़े हो गए थे।
कतार में लगे लोगों ने आरोप लगाया कि दलालों ने ज्यादा से ज्यादा टिकट ऐंठने के लिए छोटे बच्चों को 250 रुपये और महिलाओं को 500 रुपये देकर कतारों में खड़ा करवाया था।
बाद में इन्हीं टिकटों को स्टेडियम के बाहर सड़क की दूसरी ओर दो से तीन गुने दामों पर ब्लैक में बेचा जा रहा था। सुबह नौ बजे जैसे ही टिकट काउंटर खुले, आगे निकलने की होड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
महिलाओं की कतार में भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि, टिकटों की सुचारू बिक्री के लिए कुल छह काउंटर बनाए गए थे, जिनमें महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी।
'धोनी खेलतऊ' - क्रिकेट प्रेमियों का अनोखा उत्साह
टिकट की कतार में खड़ी महिलाओं और युवाओं में मैच को लेकर गजब का क्रेज दिखा। जब लाइन में खड़ी संगीता देवी से पूछा गया कि किसका मैच है, तो पास खड़ी महिला ने उत्साह में कहा- धोनी खेलतऊ!
मैच से चार दिन पहले ही स्टेडियम के इर्द-गिर्द जर्सी, फल और खाने-पीने की दुकानें सज गई हैं। दूर-दराज से आए प्रशंसकों का कहना है कि वे इस ऐतिहासिक क्षण को गंवाना नहीं चाहते। कई युवाओं ने बीसीसीआइ से टिकटों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था करने की मांग की।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, एडीजी ने किया निरीक्षण
मैच के सफल आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एडीजी (दक्षिणी छोटानागपुर) मनोज कौशिक और एसएसपी राकेश रंजन ने जेएससीए स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग और खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं।
दर्शक दलालों के झांसे में न आएं। काउंटर पर पर्याप्त टिकट उपलब्ध हैं और जरूरत पड़ने पर सात अक्टूबर को भी बिक्री जारी रहेगी। बाजार में बिक रहे फर्जी टिकट खरीदने से बचें।
-
संजय पांडेय, उपाध्यक्ष जेएससीए
