9 अक्टूबर को रांची टी-20 मैच से पहले एयरपोर्ट पर कड़ी निगरानी, ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध
रांची में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के मद्देनजर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ...और पढ़ें

एयरपोर्ट से करीब सात किमी दूर है जेएससीए स्टेडियम।
HighLights
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच 9 अक्टूबर को रांची में।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ड्रोन गतिविधियों पर विशेष निगरानी।
मैच के दौरान विमानों का सुरक्षित और सामान्य परिचालन सुनिश्चित।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। एयरपोर्ट से स्टेडियम की दूरी करीब सात किलोमीटर है।
ऐसे में स्टेडियम के आसपास ड्रोन की गतिविधि पर खास नजर रहेगी, ताकि क्रिकेट मैच के साथ विमानों का परिचालन भी सुरक्षित और सामान्य बना रहे। एयरपोर्ट की करीब 20 किलोमीटर की परिधि फ्लाइंग जोन में आती है।
इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन अथवा सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। एयरपोर्ट परिसर से लगभग 5.5 किलोमीटर दायरे में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं है। वहीं जेएससीए स्टेडियम के आसपास 90 मीटर (300 फीट) से अधिक ऊंचाई पर ड्रोन उड़ाने की भी अनुमति नहीं होगी।
दर्शकों के ड्रोन पर भी रहेगी नजर
मैच के दौरान स्टेडियम में हजारों दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। मोबाइल कैमरे के साथ कुछ लोग ड्रोन से स्टेडियम, दर्शकों की भीड़ या खिलाड़ियों के आने-जाने की तस्वीर और वीडियो बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
ऐसी किसी भी गतिविधि से विमान परिचालन प्रभावित न हो, इसके लिए एयरपोर्ट प्रबंधन सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाये रखेगा। किसी ड्रोन को उड़ाने की अनुमति दिए जाने से पहले उसकी गतिविधि और उद्देश्य की जानकारी ली जाएगी।
38 विमानों का होगा परिचालन
मैच रविवार को दोपहर करीब दो बजे से शुरू होकर रात लगभग 11 बजे तक चलने की संभावना है। इस दौरान रांची एयरपोर्ट से करीब 38 विमानों का परिचालन होगा। इनमें दूसरे राज्यों से आने-जाने वाली यात्री उड़ानें भी शामिल हैं। मैच के दिन दोपहर से रात करीब 11 बजे तक एयरपोर्ट प्रबंधन विमानों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखेगा।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के माध्यम से विमानों के सुरक्षित और व्यवस्थित परिचालन की निगरानी होगी। एयरपोर्ट प्रबंधन की कोशिश रहेगी कि क्रिकेट मैच के कारण नियमित विमान सेवाओं पर कोई असर न पड़े और यात्रियों को समय पर उड़ान मिलती रहे।
स्टेडियम के पास से गुजरेंगे विमान
रांची में होने वाले वनडे और टी-20 मुकाबलों के दौरान आसमान से स्टेडियम का नजारा देखने वाले विमान यात्रियों को भी मिल सकता है। जेएससीए स्टेडियम एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण विमान इसके आसपास से गुजरते हैं। मैच का रोमांच बरकरार रहे और आसमान में उड़ानें भी निर्बाध चलती रहें, इसी को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है।
