रांची स्टेशन का साउथ गेट दिसंबर तक होगा तैयार, दुर्गा पूजा पर दो नए टिकट काउंटर और चार-पांच एटीवीएम लगेंगे
दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन ने रांची रेलवे स्टेशन के साउथ गेट के निर्माण कार्य का जायजा ...और पढ़ें

दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन ने रांची रेल मंडल का दौरा।
HighLights
रांची स्टेशन का साउथ गेट दिसंबर तक होगा तैयार, जीएम ने दिए निर्देश।
दुर्गा पूजा के लिए साउथ गेट पर दो टिकट काउंटर, एटीवीएम लगेंगे।
हटिया-ओरगा रेलखंड दोहरीकरण और अमृत भारत स्टेशन कार्यों का जायजा।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची रेलवे स्टेशन के साउथ गेट का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा कर यात्रियों के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। बुधवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन ने रांची स्टेशन के री-डेवलपमेंट कार्य का जायजा लेते हुए साउथ गेट की व्यवस्था देखी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। मौके पर अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित अवधि में निर्माण पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्गा पूजा को देखते हुए साउथ गेट पर यात्रियों की सुविधा के लिए फिलहाल दो टिकट बुकिंग काउंटर शुरू किए जाएंगे।
इसके अलावा चार से पांच एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) लगाए जाएंगे। मोबाइल टिकट सहायक की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी नहीं हो।
जीएम ने स्टेशन के नार्थ गेट की तरफ चल रहे कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि साउथ गेट का काम पूरा होने के बाद नार्थ गेट का काम भी शुरू किया जाए। नार्थ गेट के पुराने भवन में पहले चरण में काम शुरू नहीं होगा।
नए निर्माण वाले हिस्से में ही प्रारंभिक कार्य किया जाएगा। इसके बाद जीएम ने हटिया- ओरगा रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। हटिया से टाटी और दूसरी तरफ परबाटोनिया से ओरगा तक दोहरीकरण का काम पूरा हो चुका है। टाटी से परबाटोनिया के बीच का कार्य शेष है। दो किलोमीटर तक पहाड़ काटने का काम किया जाएगा।
जीएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालसिरिंग, बानो और ओरगा स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणा निधि सिंह समेत विभिन्न विभागों के रेलवे अधिकारी मौजूद थे।
