RUN FOR UNITY : एकता दिवस पर खूब दौड़ी रांची, सीएम रघुवर दास ने कहा-सरदार पटेल अखंडता के प्रतीक
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस दौड़ में बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए और भाईचारे का संदेश दिया। सीएम रघुवर दास ने कहा कि देश को तोडऩे वाली शक्तियाें को मुंहतोड़ जवाब देने की जरूरत है। - सीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी उनकी पुण्यतिथि पर किया नमन
रांची, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर बुधवार को राज्य सरकार की अगुआई में एकता दौड़ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर रांची के सैनिक बाजार से शुरू हुई इस दौड़ में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल हुए।मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक बताया है।
बुधवार को रांची में रन फॉर यूनिटी में भाग लेने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल आज भी प्रासंगिक हैं। कहा, आज देश को तोडऩे वाली शक्तियां पूर्व के मुकाबले ज्यादा सक्रिय हैं। कोई जातिवाद के नाम पर, कोई संप्रदाय के नाम पर और कोई भारत माता तेरे टुकड़े होंगे का नारा दे देश को तोडऩे के लिए सक्रिय है।
ऐसी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब देने की हमें जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल जिन्होंने आजादी के बाद 550 से ज्यादा रियासतों को देश में शामिल कर, देश की एकता को मजबूत करने का काम किया था, आज उनके जन्मदिन के अवसर पर हम संकल्प लें कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखेंगे। जातिवाद के नाम पर, संप्रदाय के नाम पर, वोट बैंक की राजनीति में देश की एकता से खिलवाड़ नहीं करेंगे। ये संकल्प हमें लेने की जरूरत है। हमें आंतरिक और वाह्य दोनों विघटनकारी शक्तियों से मिलकर निपटना होगा।
मुख्यमंत्री ने रांचीवासियों समेत पूरे राज्य में रन फॉर यूनिटी में शामिल स्कूल के बच्चों, युवाओं, कस्तुरबा गांधी विद्यालय की बच्चियों को बधाई दी जिन्होंने देश की एकता के लिए दौड़ में शामिल हो कर दुनिया को ये दिखाने का काम किया कि जब भी देश पर आंच आयेगी तब देश की सवा सौ करोड़ आबादी हमेशा साथ खड़ी रहेगी।
कहा, महात्मा गांधी और एकता के प्रतीक सरदार पटेल, जिन्होंने देश के लिए कुर्बानी दी उनकी तरह हम भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं, ये संदेश पूरी दुनिया में गया है। कहा, सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए जो काम किया वो अतुलनीय है। लेकिन उन्हें सम्मान देने का काम आजादी के 70 साल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। सरदार पटेल की जयंती पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का लोकार्पण आज करने जा रहे हैं।
182 मीटर की सरदार पटेल की यह प्रतिमा दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा है। यह सम्मान उन्हें बहुत पहले दे दिया चाहिए था। लेकिन देश में वर्षों से शासन करने वाले लोगों ने ऐसे महापुरूषों को दरकिनार करने का काम किया। जबसे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार आई, भारत सरकार ने 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मानने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया।
सीएम ने रन फार यूनिटी में लिया भाग, परेड की ली सलामी : इससे पहले मुख्यमंत्री ने रांची के सैनिक मार्केट से रन फॉर यूनिटी को रवाना किया। वे स्वयं भी इसमें शामिल होकर पैदल ही अलबर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां उन्होंने परेड की सलामी ली। इसमें जैप, कस्तुरबा गांधी व अन्य स्कूलों की छात्राओं ने मार्च पास्ट किया।
ये थे उपस्थित : इस मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, कल्याण मंत्री लुईस मरांडी, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, शिक्षा मंत्री नीरा यादव, सांसद रामटहल चौधरी, विधायक नवीन जायसवाल, रामकुमार पाहन, जीतू चरण राम, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे, डीजीपी डीके पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल, डीजी (जैप) नीरज सिन्हा, डीजी (मुख्यालय) पीआरके नायडू, रांची के नगर आयुक्त मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और विभिन्न संगठनों के लोग उपस्थित थे।