सड़क परियोजनाओं पर बरसे सीएम हेमंत सोरेन, नाराजगी के बाद एक्शन में पथ निर्माण विभाग; राजधानी की सड़कों का होगा कायाकल्प
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नाराजगी के बाद पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार ने रांची की सड़क परियोजनाओं की धीमी गति ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई तो हरकत में आए पथ निर्माण सचिव।
HighLights
मुख्यमंत्री ने रांची सड़क परियोजनाओं की धीमी गति पर नाराजगी जताई।
पथ निर्माण सचिव ने परियोजनाओं की समीक्षा कर गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
भू-अर्जन और बिजली खंभे शिफ्टिंग में देरी से काम रुका था।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड की राजधानी की प्रमुख सड़क योजनाओं की सुस्त रफ्तार पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नाराजगी जताई तो पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार हरकत में आ गए हैं। पथ निर्माण सचिव ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ वास्तविक स्थिति की समीक्षा की। निर्देश दिया कि रांची प्रशासन और जिला भू अर्जन कार्यालय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धाणाधीन और नयी सड़क परियोजनाओं को तय समयावधि में पूरा करे।
कुछ योजनाओं की पुनरीक्षित तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता बताई गई तो प्रधान सचिव ने तत्परता से कार्यवाही करने को कहा। दीपावली एवं छठ के मद्देनजर सभी प्रमुख सड़कों पर यातायात सुगम बनाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया।
प्रधान सचिव ने निर्माणाधीन अथवा नई स्वीकृत एक-एक सड़क परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। खेलगांव से नामकुम आरओबी तक फोर एवं टू लेन, नामकुम के दुर्गा सोरेन चौक से रामपुर रिंग रोड तक फोरलेन, कांके हाली डे होम से वाया भीटा, एदलहातु होते हुए बोरियो चिरौंदी मार्ग और नामकुम आरओबी -अनगड़ा सेक्शन में 17.70 किमी लंबे रांची-पुरूलिया मार्ग के सुदृढीकरण की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की।
इसके अलावा भू अर्जन से संबंधित एनएच 23 पर कोदोजोरा मोड़ से घाघरा एवं पांडेपारा होते हुए लोहरदगा मुख्य मार्ग, बरियातु लेम बड़गाईं बोड़ियो, पंडरा से कांके, पुदांग डीएवी से हेहल डीएवी, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ( हुंडरू) से हेथु, चंदाघासी कोचांग रिंग रोड, बहू बाजार से से पटेल चैक तक कनेक्टिंग फ्लाईओवर की प्रगति की समीक्षा की।
निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में मुआवजा की राशि जारी की जा चुकी है, उनमें तुरंत निर्माण कार्य शुरू किया जाना चाहिए। समीक्षा में यह पाया गया कि रांची जिला में भूमि अधिग्रहण एवं बिजली खंभा समेत और संरचना को दूसरी जगह शिफ्ट करने में कई वजहों से विलंब हो रही है। इस कारण भी कई परियोजनाओं के काम को गति नहीं मिल रही है।
सड़क योजनाओं में गति के लिए सभी जिलाधिकारी को भेजा पत्र
झारखंड भर में सड़क निर्माण की परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सभी जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। सभी जिलों को भेजे गए पत्र में कहा गया कि निर्धारित अवधि से विलंब से चल रही सड़क निर्माण की योजनाओं की नियमित समीक्षा करे। भू अर्जन की प्रक्रिया को तेज किया जाना चाहिए।
वन भूमि के कारण भी सड़क परियोजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। निश्चित समयावधि में यह कार्य पूरा किए जाने की जरूरत है। इन कार्यों की धीमी गति से सड़क परियोजनाओं की लागत में वृद्धि हो रही है।
