हरमू-स्वर्णरेखा नदियों और तालाबों के पुनर्जीवन की तैयारी, रांची एयरपोर्ट सुरक्षा पर भी मंथन
रांची में हरमू, स्वर्णरेखा नदियों और प्रमुख तालाबों के संरक्षण व पुनर्जीवन की समग्र योजना पर चर्चा हुई, जिसमें प्रदूषण ...और पढ़ें

हरमू-स्वर्णरेखा समेत तालाबों-झीलों के संरक्षण और पुनर्जीवन की बनेगी समग्र योजना। (विजुअल: एआई जेनरेटेड)
HighLights
हरमू, स्वर्णरेखा नदियों और तालाबों के संरक्षण व पुनर्जीवन की योजना।
प्रदूषण नियंत्रण, सीवेज प्रबंधन और प्रकृति आधारित उपायों पर जोर दिया गया।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट सुरक्षा पर अवैध पार्किंग, गलत नंबर प्लेट पर मंथन।
जागरण संवाददाता, रांची। शहर की नदियों और जलाशयों को बचाने के लिए समग्र योजना तैयार की जा रही है। हरमू, स्वर्णरेखा के शहरी हिस्से और प्रमुख तालाबों-झीलों को इसके दायरे में रखा गया है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शहरी नदी प्रबंधन योजना के लिए गठित बहुहितधारक कार्य समूह की दूसरी बैठक हुई।
बैठक में जलस्रोतों की मौजूदा स्थिति, प्रदूषण, सीवेज प्रबंधन और पुनर्जीवन के उपायों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान की टीम ने अध्ययन की जानकारी दी। नदियों के पुनर्जीवन के लिए प्रकृति आधारित उपाय, सीवेज का बेहतर प्रबंधन और जल निकायों के संरक्षण पर जोर दिया गया। विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सुझाव भी दिए।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत गंगा बेसिन के 60 शहरों के लिए ऐसी योजनाएं तैयार की जा रही हैं। रांची की योजना राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा विश्व बैंक के सहयोग से तैयार की जा रही है। इसमें जलस्रोतों के संरक्षण के साथ हरित और जल आधारित ढांचे के विकास पर भी काम होगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि नदियों और जलाशयों को बचाने के लिए विभागों, संस्थाओं और नागरिकों का सहयोग जरूरी है। केवल सरकारी प्रयास से जलस्रोतों का स्थायी संरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम कर तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के परियोजना प्रमुख राहुल सचदेवा, मनु भटनागर, जैव विविधता विशेषज्ञ एवं सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी डाॅ. गीता राम साहिब, सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव समेत जुडको, कृषि निदेशालय, रांची विश्वविद्यालय, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
एयरपोर्ट की सुरक्षा: चहारदीवारी के पास खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की सुरक्षा और आसपास की व्यवस्था को लेकर बुधवार को एयरोड्रम कमेटी मीटिंग (एसीएम) की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता गृह सचिव वंदना डाडेल ने की। इसमें एयरपोर्ट की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
खासकर एयरपोर्ट की चहारदीवारी के आसपास अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों और गलत नंबर प्लेट लगाकर पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहनों का मामला उठाया गया। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बैठक में बताया कि चहारदीवारी के आसपास रोजाना दर्जनों वाहन अवैध रूप से खड़े रहते हैं। इस क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन के रूप में चिन्हित किया गया है।
इसके बावजूद वाहनों के खड़े रहने से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। बैठक में ऐसे वाहनों को हटाने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने देने को लेकर आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया गया। इसके अलावा गलत नंबर प्लेट लगाकर एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर भी चर्चा हुई।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से वाहनों की पहचान और प्रवेश व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार, आइजी विशेष शाखा प्रभात कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, सिटी एसपी पारस राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
