विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Weather: राजधानी समेत 12 जिलों में इतने दिन होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

By kumar Gaurav Edited By: Rajesh Kumar
Published: Wed, 02 Jul 2025 07:44 AM (IST)

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 6 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मंगलवार ...और पढ़ें

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 6 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जागरण
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 6 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। जागरण

HighLights

  1. रांची में 110.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड |
  2. मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट |
  3. खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद बारिश |

जागरण संवाददाता, रांची। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने छह जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है, वहीं मंगलवार को सबसे अधिक 110.2 मिमी बारिश रांची के कांके में रिकॉर्ड की गई। इस कारण रांची व आसपास के इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है।

ग्रामीण इलाकों में हुई बारिश के बाद खेत-खलिहानों में पानी जमा हो गया है। दूसरी ओर कृषि विशेषज्ञ इस जलजमाव को खरीफ फसलों के लिए रामबाण बता रहे हैं। राजधानी में मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है। एक ओर जहां शाम में लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम की सफाई व्यवस्था की भी पोल खुल रही है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 2, 3 और 4 जुलाई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के साथ-साथ इससे सटे मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला और बोकारो में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।

इन जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी भाग के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी भाग यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज में कुछ जगहों पर भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अभिषेक आनंद ने बताया कि 2 और 3 जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश की प्रबल संभावना है।

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून की सक्रियता सामान्य रही. लगभग सभी जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 110.2 मिमी बारिश रांची के कांके में दर्ज की गई।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।