विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा में घर जाने वालों की भीड़, दो दिन में रांची स्टेशन पर 1.45 लाख यात्रियों की आवाजाही; होल्डिंग एरिया की व्यवस्था

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:45 AM (IST)

दुर्गा पूजा के कारण रांची रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई, दो दिनों में 1.45 लाख लोगों ...और पढ़ें

भीड़ संभालने के लिए आरपीएफ के 50 जवान तैनात, ट्रेनों के कोच के सामने संभाली कमान।

भीड़ संभालने के लिए आरपीएफ के 50 जवान तैनात, ट्रेनों के कोच के सामने संभाली कमान।

HighLights

  1. दो दिनों में रांची स्टेशन पर 1.45 लाख यात्री।

  2. भीड़ नियंत्रण हेतु 50 आरपीएफ जवान तैनात किए गए।

  3. स्पेशल ट्रेनों से मिली राहत, नियमित ट्रेनें भरीं।

जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गा पूजा में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ के कारण रांची रेलवे स्टेशन पर दबाव बढ़ गया है। शुक्रवार और शनिवार को दो दिनों में स्टेशन पर करीब 1.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 50 हजार यात्रियों के आवागमन के मुकाबले त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई।

बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को स्टेशन पर परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेनों में जगह पाने और समय पर कोच तक पहुंचने की जल्दबाजी के बीच रेलवे की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए गए।

ट्रेनों के कोच के सामने तैनात रहे आरपीएफ जवान

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से आरपीएफ के 50 जवानों को तैनात किया गया था। जवानों को ट्रेनों के खुलने और पहुंचने के समय कोच के सामने लगाया गया, ताकि यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें।

यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में चढ़ाने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद अधिक भीड़ और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से अंतिम समय में कुछ यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ते नजर आए। ऐसे में सुरक्षा बलों को भीड़ संभालने में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।

स्पेशल ट्रेनों से मिली राहत, नियमित ट्रेनों में भीड़

शुक्रवार को 08616 रांची-शालीमार स्पेशल ट्रेन और शनिवार को 02877 रांची-आनंद विहार टर्मिनल पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया गया। इन ट्रेनों से घर जाने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिली। हालांकि, रांची-आनंद विहार टर्मिनल पूजा स्पेशल में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। दूसरी ओर राजधानी एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस, रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस और रांची-इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही।

साउथ गेट पर टिकट बिक्री बढ़ी, होल्डिंग एरिया की व्यवस्था

स्टेशन के नार्थ गेट की तुलना में साउथ गेट पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ी है। अनारक्षित टिकट काउंटर शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिली है। चार दिन पहले साउथ गेट के काउंटरों से करीब 200 टिकट बिक रहे थे।

जबकि शनिवार को यह संख्या बढ़कर एक हजार हो गई। यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया की भी व्यवस्था की गई, ताकि स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।