रांची में जमीन कारोबारी का अपहरण, पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 40 मिनट में छुड़ाया
Ranchi News रांची के पिठोरिया इलाके में एक जमीन कारोबारी का अपहरण कर लिया गया। हालांकि पुलिस ने संबंधित जमीन कारोबारी को आधे घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। जबकि दो अपहर्ताओं को भी दबोच लिया गया।
रांची, जासं। Ranchi News रांची के पिठोरिया इलाके में एक जमीन कारोबारी का अपहरण कर लिया गया। हालांकि पुलिस ने संबंधित जमीन कारोबारी को आधे घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। जबकि दो अपहर्ताओं को भी दबोच लिया गया। दरअसल, पिठोरिया के जमीन कारोबारी शकील खान को गाड़ी के विवाद में उसके पार्टनरों ने अपहरण कर लिया था। इसकी जानकारी पिठोरिया थाना प्रभारी रवि शंकर को मिलते ही एक टीम का गठन किया।
टीम ने घेराबंदी कर ओरमांझी पुलिस के सहयोग से ओरमांझी चौक के समीप दोनो अपहरणकर्ता को स्कार्पियो गाड़ी समेत दबोच लिया। वहीं अगवा युवक शकील को भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में शाबिर अंसारी और सोनी उर्फ सम्मी आलम शामिल है। दोनों इरबा के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार शाबिर, सोनी और शकील जमीन के कारोबार से जुड़े हैं। तीनों आपस में पार्टनर हैं।
तीनों ने मिलकर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी खरीदी थी। उसी गाड़ी को लेकर शाबिर, सोनी से शकील का विवाद चल रहा था। शकील से दोनो गाड़ी लौटाने को कह रहे थे। इसी को लेकर मंगलवार को शाबिर व सोनी स्कार्पियो गाड़ी से चंदवे चौक पहुंचे। वहीं पर विवाद के दौरान दोनों ने मिलकर शकील की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद स्कार्पियो में अगवा कर शकील को ओरमांझी की तरफ ले जाने लगे।
इसी बीच पुलिस को खबर मिल गई। पुलिस की टीम ने ओरमांझी चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को देखकर अपराधी स्कार्पियो गाड़ी लेकर दूसरी तरफ भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनो अपराधियों को दबोच लिया। साथ ही युवक को भी बरामद कर लिया। अपहृत को सकुशल बरामद करने में सब इंस्पेक्टर विनय राम अखिलेश ठाकुर, एएसआई संतोष महतो और ओरमांझी थाने की पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।
जमीन बिक्री से मिले कमीशन पर खरीदी थी फार्च्यूनर
जानकारी के अनुसार आरोपी शब्बीर, सोनी और शकील तीनो जमीन कारोबारी हैं और आपस में पार्टनर हैं। तीनों ने मिलकर एक जमीन बेची थी। इससे मिले पैसे से तीनों ने एक फार्च्यूनर गाड़ी खरीदी। इसके बाद तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। शब्बीर और सोनी दोनो एक तरफ हो गए और शकील से गाड़ी लौटाने की मांग करने लगे। लेकिन शकील देने से इंकार कर दिया। इसी को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया। शब्बीर व सोनी एक तरफ होकर शकील के साथ मारपीट कर दी।