IPS नटराजन केस में चर्चित सुषमा बड़ाइक का आरोप, युवक ने पिस्टल दिखाकर किया दुष्कर्म Ranchi News
पदमा उर्फ सुषमा बड़ाइक ने दुर्गा साहू नाम के युवक पर न केवल धमकी का आरोप लगाया है। बल्कि पिस्टल के बल पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म का भी आरोप लगाया गया है।
रांची, जासं। बहुचर्चित आइपीएस पीएस नटराजन यौन शोषण केस एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इसमें लोअर कोर्ट से नटराजन के बरी होने के बाद महिला ने हाई कोर्ट में अपील याचिका दायर की थी। उसी केस को वापस लेने की धमकी देने एवं बात नहीं मानने पर दुष्कर्म करने का मामला पीडि़ता ने अरगोड़ा निवासी दुर्गा साहू के खिलाफ सुखदेव नगर थाने में दर्ज कराया है।
दुर्गा पीडि़ता के पति अजय कच्छप का दोस्त है। पीडि़ता ने दर्ज प्राथमिकी में युवक पर पिस्टल के बल पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवक ने धमकी दी कि केस नहीं उठाओगी तो यही काम बार-बार होगा। पीडि़ता ने बताया है कि आरोपित युवक के संबंध में उसने पुलिस को सूचना दी थी लेकिन पुलिस ने अनदेखी कर दी। गुरुवार की सुबह उसने प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामला दर्ज कराने पीडि़ता के साथ बार काउंसिल की सदस्य रिंकू भगत भी पहुंची थी। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पीडि़ता का मेडिकल शाम को कराया गया है।
पिस्टल का भय दिखा किया दुष्कर्म
पीडि़ता ने पुलिस को बताया है कि बुधवार की रात वह घर में अकेली थी। करीब आठ बजे साहू घर पहुंचा और धक्का देकर घर के भीतर घुस गया। इसके बाद पिस्टल का भय दिखा जबरन दुष्कर्म किया। बच्चों को भी मारने की धमकी दी। उस समय बच्चे नानी के पास गए थे। पीडि़ता ने बताया है कि वह दिल की मरीज है। घटना के बाद उसकी धड़कन बढ़ गई थी। जाते-जाते आरोपित उसे धमकाता गया।
हाई कोर्ट में दायर की है अपील याचिका
आइपीएस पीएस नटराजन का स्टिंग ऑपरेशन करने के बाद पीडि़ता ने यौन शोषण का केस दर्ज कराया था। मुकदमा 12 साल तक चला था। इसके बाद कोर्ट ने वर्ष 2017 में नटराजन को रिहा कर दिया था। इस रिहाई के बाद पीडि़ता ने कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए अपील याचिका दायर की है जो फिलहाल विचाराधीन है।
बर्खास्त हुए थे आइपीएस
प्रकरण सामने आने के बाद आइपीएस नटराजन को वर्ष 2012 में नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। उनके खिलाफ यह कार्रवाई वर्ष 2005 में सनसनीखेज स्टिंग ऑपरेशन के सामने आने के बाद की गई थी। 2 अगस्त 2005 को उनके खिलाफ लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।