विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आटो से महिलाओं का गहना चुराने वाली हसीना रांची में गिरफ्तार, बोकारो की है रहने वाली Ranchi Crime Update

By Sujeet Kumar SumanEdited By:
Published: Sun, 24 Oct 2021 01:05 PM (IST)Updated: Sun, 24 Oct 2021 04:46 PM (IST)

Jharkhand Crime News हसीना रांची में कई घटनाओं को अंजाम दे चुकी है। वह बोकारो की रहने वाली है। उसके ...और पढ़ें

Jharkhand Crime News हसीना रांची में कई घटनाओं को अंजाम दे चुकी है।
Jharkhand Crime News हसीना रांची में कई घटनाओं को अंजाम दे चुकी है।

रांची, जासं। राजधानी रांची की पुलिस की नाक में दम करने वाली शातिर अपराधियों में शुमार हसीना बानो शनिवार को गिरफ्तार कर ली गई है। पुलिस ने उसे बोकारो से गिरफ्तार किया है। उसने 13 अक्टूबर को नागा बाबा खटाल से काठीटांड़ जा रही महिला का सोने का जेवर व नकदी उड़ा लिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी पहचान की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा। बूटी मोड़ की रहने वाली आशा कुमारी नागा बाबा खटाल से काठीटांड़ जाने के लिए आटो में बैठी थी।

रास्ते में ही उसने देखा कि उसका सामान गायब है। उसके सोने के गहने और रुपये चोरी हो गए थे। रोती बिलखती वह कोतवाली पहुंची। पुलिस ने आशा देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि आटो में हसीना बानो भी बैठी थी। इसके बाद पुलिस को यकीन हो गया कि घटना को हसीना ने ही अंजाम दिया है। पुलिस ने बोकारो जिले के पेटरवार थाना के लोकइया गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 24 हजार रुपये और चोरी गए सोने के गहने भी बरामद हुए।

15 साल पहले उतरी थी जुर्म की दुनिया में

पुलिस के अनुसार, हसीना बानो 15 साल पहले जुर्म की दुनिया में उतरी थी। उसने रांची को कार्यक्षेत्र बनाया। शहर में उसने चोरी की कई घटनाएं अंजाम दीं। पहली बार 2010 में डोरंडा इलाके में पकड़ी गई थी। तब जेल भेजी गई थी। कोतवाली के थाना प्रभारी शैलेश कुमार को पूछताछ में हसीना बानो ने बताया कि यात्री के साथ बातचीत कर घुलमिल जाती है। इसके बाद मौका पाते ही सामान गायब कर देती है। वह बोकारो से आकर रांची में घटनाओं को अंजाम देती है।

लालपुर इलाके में अधिक सक्रिय रही है। उस पर डोरंडा, लालपुर, लोअर बाजार और सदर थाना क्षेत्र में चोरी के मामले दर्ज हैं। लालपुर थाने में चोरी के चार मामले दर्ज हैं। डोरंडा बाजार थाने में एक मामला है। वह आटो व बस स्टैंड पर यात्रियों को निशाना बनाती है। वह चोरी का माल बोकारो में ही खपाती है। कई दुकानदारों के नाम उसने पुलिस को बताया है। पुलिस अब इन दुकानदारों की टोह में लग गई है। इन पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।