Move to Jagran APP

Ranchi Violence: जुमे की नमाज को लेकर रांची पुलिस अलर्ट... धार्मिक स्थलों की बढ़ाई गई सुरक्षा... जगह-जगह जवानों की तैनाती

Ranchi Violence News भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा के विवादित बयान के बाद रांची में उपद्रव के बाद से माहौल तनावपूर्ण है। घटना में दो लोगों की जान चली गई थी। इस बार जुमे की नमाज के दिन सबकुछ ठीक रहे इसलिए पुलिस ने सुरक्षा का प्रबंध कर रखा है।

By M EkhlaqueEdited By: Published: Thu, 16 Jun 2022 03:04 PM (IST)Updated: Thu, 16 Jun 2022 03:06 PM (IST)
Ranchi Violence: जुमे की नमाज को लेकर रांची पुलिस अलर्ट... धार्मिक स्थलों की बढ़ाई गई सुरक्षा... जगह-जगह जवानों की तैनाती
Ranchi Violence: जुमे की नमाज को लेकर रांची पुलिस अलर्ट... धार्मिक स्थलों की बढ़ाई गई सुरक्षा... जगह-जगह जवानों की तैनाती

रांची, जागरण संवाददाता। रांची में बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भीड़ ने हिंसक रूप धारण कर लिया था। पुलिस और भीड़ के बीच में पथराव और गोलीबारी की घटना हुई थी। इसमें दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई थी। अब भी कई लोग अस्पताल में इलाजरत हैं। भीड़ में शामिल लोग भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध कर रहे थे। इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने माहौल खराब कर दिया। इसके बाद भीड़ हिंसक हो गई। पुलिस ने भी भीड़ पर फायरिंग कर दी।

loksabha election banner

दोबारा उपद्रव नहीं हो इसलिए पुलिस अलर्ट

इस घटना के बाद से रांची के कई इलाकों में माहौल तनावपूर्ण देखा जा रहा है। कल शुक्रवार को पुन: जुमे की नमाज अदा की जाएगी। इसे देखते हुए रांची मेन रोड में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मंदिरों की बैरिकेडिंग कर दी गई है। वहां पुलिस की तैनाती कर भी कर दी गई है। पुलिस इस बात को लेकर सतर्क है कि दोबारा उपद्रवी किसी मंदिर पर पथराव नहीं करें, जिससे दूसरे संप्रदाय के लोगों को ठेस पहुंचे। पिछली बार की घटना में पुलिस की लापरवाही भी खुलकर सामने आई थी। इससे सबक लेते हुए इसबार पुलिस प्रशासन की ओर से झारखंड पुलिस और रैफ जवानों की तैनाती की जा रही है।

संकट मोचन मंदिर के पास पुलिस कर रही कैंप

रांची पुलिस संवेदनशील क्षेत्रों में गुरुवार देर रात से ही बैरिकेडिंग कर रही है। इतना ही नहीं रांची के मेन रोड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के समीप पुलिस दिन रात कैंप कर रही है। मंदिर की ओर आने वाली गलियों को सील कर दिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए वहां पुलिस मुस्तैद है। फिलहाल इस क्षेत्र में यातायात सुगम है। मालूम हो कि पिछले शुक्रवार को हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने सांप्रदायिक माहौल खराब करने के लिए साजिशन इस मंदिर में भी पथराव कर दिया था। इस शर्मनाक घटना की हर तरफ निंदा हुई थी।

कडरू से बरियातू तक के धार्मिक स्थलों की बैरिकेडिंग

पुलिस प्रशासन के अनुसार, रांची मेन रोड स्थित कडरू से लेकर बरियातू तक लगभग सभी धार्मिक स्थलों की बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही पुलिस जवानों को भी तैनात कर दिया गया है। इसमें कडरू हनुमान मंदिर और बरियातू मस्जिद भी शामिल है। दोनों धर्म स्थलों के पास सड़क किनारे दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई है। एक बैरियर बरियातू थाना के आगे और दूसरा बैरियर यूनिवर्सिटी कालोनी गेट के पास भी लगाया गया है।

दो दिनों बाद सभी छह घायलों को गिरफ्तार करेगी पुलिस

मालूम हो कि पिछले दिनों हिंसा के दौरान जाे लोग घायल हुए थे, उनका इलाज रांची रिम्स में चल रहा है। इनकी संख्या सात है। इनमें से छह घायलों को पुलिस अब गिरफ्तार करने की तैयारी में है। इनके स्वस्थ होते ही पुलिस इन्हें गिरफ्तार कर लेगी। इसमें एक घायल की स्थिति अभी भी नाजुक बताई जा रही है। रिम्स डाक्टरों के अनुसार, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। इलाज चल रहा है। जबकि, अन्य 6 घायलों को पुलिस निगरानी में एक साथ आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। डाक्टरों ने अगले दो दिनों में इन सभी को डिस्चार्ज करने की बात कही है। संभव है कि दो दिनों बाद पुलिस इनको गिरफ्तार कर ले जाएगी।

शुक्रवार को हाई कोर्ट में होगी इस मामले की सुनवाई

रांची में दस जून को हुई हिंसा की जांच एनआइए से कराने वाले मामले में प्रार्थी की ओर से जल्द सुनवाई के लिए हाई कोर्ट में मेंशन किया गया। चीफ जस्टिस डा रवि रंजन व जस्टिस एसएन प्रसाद की अदालत ने प्रार्थी के आग्रह को स्वीकार कर लिया। मामले में सुनवाई शुक्रवार को होगी। इस संबंध में पंकज कुमार यादव ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। याचिका में कहा गया है कि रांची में हुई हिंसा प्रायोजित थी। इसके लिए राज्य के बाहर से फंडिंग की गई है। इसलिए मामले की जांच एनआइए को सौंपी जाए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.