विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतिम सोमवारी पर रांची के पहाड़ी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा में 1000 अतिरिक्त जवान तैनात

Published: Mon, 24 Aug 2026 07:00 AM (IST)

सावन की अंतिम सोमवारी पर रांची के पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए व्यापक ...और पढ़ें

पहाड़ी मंदिर में 1000 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात।

पहाड़ी मंदिर में 1000 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात।

HighLights

  1. पहाड़ी मंदिर में 1000 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात।

  2. सीसीटीवी और अतिरिक्त यातायात पुलिस से निगरानी।

जागरण संवाददाता, रांची। सावन की अंतिम सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रांची पुलिस ने मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पहाड़ी मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1000 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तैनात जवानों में जिला पुलिस बल, सशस्त्र बल और सादे लिबास में पुलिसकर्मी शामिल हैं। मंदिर के मुख्य द्वार, सीढ़ियों, गर्भगृह और मेला क्षेत्र में जवानों को तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ पॉकेटमारी, छेड़खानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी निगरानी कर रहे हैं।

सीसीटीवी से हो रही निगरानी

मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये श्रद्धालुओं की भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं को सुगम तरीके से जलार्पण और दर्शन कराने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी न हो।

प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात

अंतिम सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर मार्ग पर बढ़े वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस की भी अतिरिक्त तैनाती की गई है। शनि मंदिर चौक और रातू रोड चौक समेत प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात हैं।

भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जा सकता है या यातायात का मार्ग परिवर्तित किया जा सकता है। पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और जलार्पण कराने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।