10 दिन में मिलेगा पेंशन का भुगतान, रांची नगर निगम 22-23 नवंबर को लगाएगा निगम के सभी अंचलों में शिविर
रांची नगर निगम 22-23 नवंबर को सभी अंचलों में विशेष शिविर लगाएगा ताकि पेंशन और पारिवारिक पेंशन के लंबित मामलों ...और पढ़ें

लंबित पारिवारिक पेंशन मामलों पर नगर आयुक्त सख्त।
HighLights
22-23 नवंबर को सभी अंचलों में लगेंगे विशेष शिविर।
पारिवारिक पेंशन मामलों का 10 दिन में होगा भुगतान।
लंबित आवेदनों की समीक्षा कर तेजी से होगा निपटारा।
जागरण संवाददाता, रांची। पेंशन और पारिवारिक पेंशन के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे लाभुकों को राहत दिलाने के लिए रांची नगर निगम ने पहल की है। इसके तहत 22 और 23 नवंबर को निगम के सभी अंचल कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं, पहले से लंबित पारिवारिक पेंशन के मामलों पर नगर आयुक्त ने सख्ती दिखाते हुए 10 दिनों के भीतर नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर पात्र लाभुकों को भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
नगर निगम प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनके निष्पादन में तेजी लाने को कहा है। इसके लिए आवश्यक अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच करने तथा मामलों में आ रही बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का जोर है कि पात्र लाभुकों को केवल कागजी प्रक्रिया और विभागीय देरी के कारण पेंशन के लाभ से वंचित नहीं रहना पड़े।
शिविर में लिए जाएंगे आवेदन
विशेष शिविरों में पेंशन और पारिवारिक पेंशन से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों की जांच कर उनके शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सभी अंचल कार्यालयों को शिविर की तैयारी समय पर पूरी करने और आवेदनों का विधिवत संधारण करने का निर्देश दिया गया है।
लंबित मामलों की होगी नियमित समीक्षा
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेंशन संबंधी मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारी प्रत्येक मामले में हुई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करेंगे, ताकि अनावश्यक देरी को रोका जा सके।
विशेष रूप से लंबित पारिवारिक पेंशन के मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य पात्र लाभुकों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
काम की बात: भीम ऐप से पेंशन खाता खोलना हुआ आसान
एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड ने भीम पेमेंट्स ऐप पर तत्काल राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) खाता खोलने की सुविधा शुरू की है। इसके तहत झारखंड समेत देशभर के 18 से 85 वर्ष की आयु के पात्र भारतीय नागरिक बिना बैंक शाखा जाए या नए दस्तावेज जमा किए तीन चरणों में पेंशन खाता खोल सकते हैं।
इसके लिए जन्मतिथि दर्ज कर पात्र बैंक खाते का चयन करना होगा और यूपीआई के माध्यम से न्यूनतम 250 रुपये का पहला अंशदान करना होगा। फिलहाल यह सुविधा भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और बैंक आफ बड़ौदा के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।
