विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाबालिग आदिवासी से दुष्कर्म, चुरनी फॉल घूमने गई युवती की संदिग्ध मौत; रांची से सोहेल अंसारी व रफीक अंसारी हिरासत में

Published: Wed, 30 Sep 2026 09:14 PM (IST)

रांची के बुढ़मू में एक नाबालिग आदिवासी छात्रा से दुष्कर्म और अनगड़ा के चुरनी फॉल में एक युवती की संदिग्ध ...और पढ़ें

पानी पीने के बहाने घर में घुसकर नाबालिग आदिवासी से दुष्कर्म के आरोप में सोहेल अंसारी गिरफ्तार।

पानी पीने के बहाने घर में घुसकर नाबालिग आदिवासी से दुष्कर्म के आरोप में सोहेल अंसारी गिरफ्तार।

HighLights

  1. बुढ़मू में नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म का मामला।

  2. अनगड़ा के चुरनी फॉल में युवती की संदिग्ध मौत।

  3. पुलिस ने दोनों मामलों के आरोपियों को हिरासत में लिया।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के आसपास के इलाकों से दो दर्दनाक और सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना बुढ़मू थाना क्षेत्र की है, जहां घर में घुसकर नौवीं कक्षा की एक आदिवासी नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया।

वहीं दूसरी घटना अनगड़ा-टाटीसिलवे थाना क्षेत्र की है जहां चुरनी फॉल घूमने गई एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बुढ़मू: पानी पीने के बहाने घर में घुसा था दरिंदा, नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म

बुढ़मू थाना क्षेत्र में एक आदिवासी परिवार की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता नौवीं कक्षा की छात्रा है। उसने मतवे निवासी सोहेल अंसारी पर घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

बुधवार सुबह पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसने आपबीती अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी विवाहित और दो बच्चों का पिता है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।

अनगड़ा: चुरनी फॉल घूमने गई युवती की संदिग्ध मौत, प्रेमी हिरासत में

अनगड़ा-टाटीसिलवे थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित चुरनी फॉल में मंगलवार को एक युवक के साथ घूमने गई 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका खेलगांव स्थित एक निजी संस्थान में काम करती थी।

इस मामले में मृतका के पुरुष मित्र, रामगढ़ के गिद्दी-ए निवासी रफीक अंसारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मृतका के पिता के बयान पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मंगलवार को बाइक से चुरनी फॉल पहुंचे थे।

शाम के समय अचानक युवती की तबीयत बिगड़ने और उसके बेहोश होकर गिरने की बात सामने आई। आरोपी ने अन्य पर्यटकों की मदद से उसे फॉल से ऊपर निकाला और परिजनों को फोन पर सूचना दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

टाटीसिलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

हालांकि, प्रारंभिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। बहरहाल, परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।।