विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना: JPSC-JSSC की तैयारी हेतु 27 सितंबर को रांची में चयन परीक्षा

Published: Sat, 12 Sep 2026 09:30 AM (IST)

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना के तहत जेपीएससी और जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 27 सितंबर को रांची में ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना के तहत 80 सीटों पर होगा चयन, 293 आवेदन प्राप्त।

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना के तहत 80 सीटों पर होगा चयन, 293 आवेदन प्राप्त।

जागरण संवाददाता, रांची। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना के तहत जेपीएससी और जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्यर्थियों के चयन को लेकर प्रवेश परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा रांची के डोरंडा बालिका उच्च विद्यालय में होगी। इसके लिए झारखंड राज्य हज समिति ने तैयारी शुरू कर दी है।

झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित इस योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराना है।

चयन परीक्षा के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों को जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं की तैयारी करायी जाएगी। योजना के तहत कुल 80 सीटों पर चयन होना है। इनमें जेपीएससी की तैयारी के लिए 40 और जेएसएससी की तैयारी के लिए 40 सीटें निर्धारित हैं।

समिति को दोनों पाठ्यक्रमों के लिए कुल 293 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 264 आवेदन योग्य और 29 आवेदन अयोग्य पाए गए हैं। वहीं, जेपीएससी की 40 सीटों के लिए 200 आवेदन मिले, जिनमें 188 योग्य और 12 अयोग्य हैं। वहीं, जेएसएससी की 40 सीटों के लिए 93 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 76 योग्य और 17 अयोग्य पाए गए हैं।

15 और 16 सितंबर को अंतिम दस्तावेज सत्यापन

दस्तावेज सत्यापन में त्रुटि वाले और अनुपस्थित अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन 15 और 16 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक हज हाउस, कडरू, रांची में किया जाएगा। जेपीएससी के 161 और जेएसएससी के 65 अभ्यर्थियों को अंतिम सत्यापन के लिए बुलाया गया है।

सत्यापन और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 18 से 20 सितंबर के बीच अभ्यर्थियों के ई-मेल और वेबसाइट के माध्यम से प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। समिति ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर मूल प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होने और आगे की सूचनाओं के लिए विभागीय माध्यमों पर नजर बनाए रखने की अपील की है।