विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दुस्साहस...! एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान रांची में महिला दारोगा पर चढ़ा दिया वाहन, पुलिस अफसर की मौत

By Sanjay KumarEdited By:
Published: Wed, 20 Jul 2022 09:50 AM (IST)Updated: Wed, 20 Jul 2022 10:16 AM (IST)

Jharkhand Latest News हरियाणा के बाद झारखंड में भी वाहन से पुलिस अफसर को कुचल कर मार देने का मामला ...और पढ़ें

Jharkhand News: राजधानी रांची में महिला दारोगा की वाहन से कुचलकर हत्या
Jharkhand News: राजधानी रांची में महिला दारोगा की वाहन से कुचलकर हत्या

रांची, डिजिटल डेस्क। हरियाणा में डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिशनोई की डंफर से कुचल कर हत्या की वारदात के बाद अब झारखंड की राजधानी रांची में भी एक पुलिस अफसर को वाहन से कुचल कर मार डालने की दुस्साहसिक घटना सामने आई है। यह घटना बुधवार सुबह करीब तीन बजे की है। पुलिस अफसर की मौत हो गई है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

तड़के तीन बजे वाहन चेकिंग के दौरान हुई घटना

बताया जा रहा कि महिला सब इंस्पेक्टर संध्या टोपनो मंगलवार रात वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान एक पिकअप वैन रास्ते से गुजर रहा था। उन्होंने वाहन चालको को रुकने के लिए इशारा किया। लेकिन वाहन चालक ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी। देखते ही देखते उसने महिला सब इंस्पेक्टर के ऊपर वाहन चढ़ा दिया। संध्या टोपनो कुछ समझ नहीं पाईं। मौके पर मौजूद पुलिस वाले भी थोड़ी देर के लिए सन्नाटे में रह गए। पुलिस वालों ने तत्काल संध्या टोपनों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल जाने के दौरान ही रास्ते में उनकी मौत हो गई

रांची के तुपुदाना ओपी की प्रभारी थीं संध्या टोपनो

बताया जाता है कि महिला सब इंस्पेक्टर संध्या टोपनो रांची के तुपुदाना ओपी में बतौर प्रभारी तैनात थीं। इस हत्या से पुलिस जवानों में आक्रोश है। रांची के एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसका वाहन भी सीज कर लिया गया है। एसएसपी ने यह भी कहा कि घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। बाद में पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। यह दुस्साहसिक घटना बुधवार सुबह करीब तीन बजे हुई। पुलिस के अनुसार, वाहन चालक पशुओं से लदा वाहन लेकर जा रहा था। पुलिस जांच कर रही है कि इस मामले में पशु तस्करों का कितना हाथ है। बताया गया कि संध्या टोपनो 2018 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं।

वाहन को किया गया सीज

रांची के एसएसपी ने बताया कि जिस वाहन से महिला सब इंस्पेक्टर संध्या टोपनो को कुचला गया उस वाहन को पुलिस ने सीज कर लिया है। आरोपित वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

कांग्रेस ने की घटना की आलोचना

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि अपराधियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे।

भाजपा ने की अविलंब दोषियों को चिन्हित कर गिरफ्तार करने की मांग

झारखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री व चंदनकियारी के भाजपा विधायक अमर कुमार बाउरी ने ट्वीट करते हुए कहा कि 'खबर सुनकर स्तब्ध हूं। राज्य में गौतस्करों के बढ़े मनोबल के परिणाम स्वरूप आज झारखंड ने एक होनहार बेटी संध्या टोपनो को खो दिया है। आज सुबह रांची के तुपुदाना में वाहन चेकिंग के दौरान गौ तस्करी कर रहे पिकअप वैन ने भागने के क्रम में रौंदते हुए संध्या टोपनो की जान ले ली। झारखंड सरकार व प्रशासन से आग्रह है कि इस संवेदनशील मामले पर लीपापोती किए बिना दोषियों को अविलंब चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जितनी जल्दी हो सके सजा सुनाई जाए।'