विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची-जमशेदपुर में बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा, NCB ने 6 को दबोचा; गोवा से झारखंड के बार तक सप्लाई

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:51 PM (IST)

एनसीबी ने रांची और जमशेदपुर में एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड जिम्मी सहित छह लोगों को ...और पढ़ें

धंधे का तार गोवा से जुड़ा, अंतरराष्ट्रीय नंबर मिले, विदेशी संपर्क की भी चल रही छानबीन।

धंधे का तार गोवा से जुड़ा, अंतरराष्ट्रीय नंबर मिले, विदेशी संपर्क की भी चल रही छानबीन।

HighLights

  1. एनसीबी ने रांची-जमशेदपुर में छह ड्रग्स तस्करों को किया गिरफ्तार।

  2. मास्टरमाइंड जिम्मी सहित दो बार संचालकों को समन जारी।

  3. अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से भी जुड़े होने की आशंका।

जागरण टीम, रांची/जमशेदपुर। राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध छानबीन कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने रांची व जमशेदपुर से कोकिन सहित अन्य ड्रग्स के पैडलर्स व आपूर्ति से जुड़े छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपितों में मास्टरमाइंड जिम्मी भी शामिल है।

उसने पूछताछ में रांची के दो बार की भी जानकारी दी है, जहां ड्रग्स की आपूर्ति की सूचना है। जिम्मी के बयान के आधार पर दोनों बार संचालकों को एनसीबी ने समन कर पूछताछ के लिए 26 अक्टूबर को बुलाया है।

ड्रग्स तस्करी का तार गोवा से भी जुड़ा है। इतना ही नहीं, आरोपितों के पास से अंतरराष्ट्रीय नंबर भी मिले हैं, जिसपर संभावना जताई जा रही है कि ये तस्कर विदेशी ड्रग्स तस्करों के संपर्क में थे।

एनसीबी ड्रग्स नेटवर्क के स्थानीय संपर्कों से लेकर संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन तक की पड़ताल कर रही है। एजेंसी यह जानकारी जुटा रही है कि नेटवर्क का संचालन किस तरह से होता था।

मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से की जाती थी और इसमें किन किन लोगों की भूमिका थी। एनसीबी ने इस पूरे प्रकरण में 16 अक्टूबर को शिकायतवाद दर्ज की थी। उसके बाद से ही पूरे मामले की जांच चल रही है।

26 अक्टूबर को इनसे पूछताछ के लिए एनसीबी ने किया है समन

सूचना है कि गिरफ्तार जिम्मी व अन्य आरोपितों के बयान के आधार पर एनसीबी ने रांची के मोरहाबादी स्थित रुइन हाउस बार के अनिरुद्ध बुधिया और कांके स्थित आन द राक्स बार के सिद्धांत सुमन उर्फ निशु को समन कर 26 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।

हालांकि, इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना है कि गिरफ्तार आरोपितों ने एनसीबी के सामने पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि इन दोनों बार में ड्रग्स की आपूर्ति की जा रही थी।

फिलहाल, छानबीन व सत्यापन के बाद ही इस सूचना की पुष्टि हो सकेगी। सूचना है कि आन द राक्स बार से जुड़े मोहम्मद खान ने अपने संचालक के विदेश में रहने की बात स्वीकारी है। एनसीबी की जांच में सप्लाई नेटवर्क, स्थानीय संपर्कों और संभावित अन्य सहयोगियों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपितों के बीच संपर्क का माध्यम क्या था और मादक पदार्थों की आपूर्ति तथा वितरण की व्यवस्था कैसे संचालित होती थी।

रांची और जमशेदपुर में कार्रवाई के बीच जांच का दायरा बढ़ने से यह मामला चर्चा में है। हालांकि सारी जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे नेटवर्क की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।