अंजुमन इस्लामिया की प्रबंधन समिति की चुनाव प्रक्रिया पर रांची जिला प्रशासन ने लगाई रोक
Anjuman Islamia Election Jharkhand News रांची जिला प्रशासन ने अंजुमन इस्लामिया रांची के प्रबंधन समिति की चुनाव प्रक्रिया में बरती जा रही अनियमितता से संबंधित शिकायत पत्र के आलोक में चुनाव प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
रांची, जासं। अंजुमन इस्लामिया रांची की प्रबंधन समिति की चुनाव प्रक्रिया पर जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक रोक लगा दी है। साथ ही चुनाव प्रक्रिया में बरती जा रही अनियमितता को लेकर परिवाद पत्र के आलोक में डीसीएलआर एवं सीओ चान्हो को निरीक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। निरीक्षी पदाधिकारियों के जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक तत्काल प्रभाव से चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाई गई है। अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग, कल्याण विभाग मंत्री हफीजुल हसन द्वारा विभागीय सचिव को पत्र के द्वारा दिए दिशा-निर्देश के आलोक में यह निर्णय लिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रांची जिला प्रशासन ने अंजुमन इस्लामिया रांची के प्रबंधन समिति की चुनाव प्रक्रिया में बरती जा रही अनियमितता से संबंधित शिकायत पत्र के आलोक में चुनाव प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। रांची जिला प्रशासन ने उक्त शिकायत पत्र के आलोक में उप समाहर्ता भूमि सुधार एवं अंचल अधिकारी, चान्हो को इस मामले से संबंधित वस्तुस्थिति की जांच कर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि झारखंड राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने मंत्री हफीजुल हसन द्वारा विभागीय सचिव को लिखे पत्र के आलोक में रांची जिला प्रशासन को निर्देश दिया था। इसके बाद उक्त दिशानिर्देश के आलोक में मामले में संबंधित निरीक्षी पदाधिकारियों के जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने तक तत्काल प्रभाव से चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाई गई है। लगाए गए आरोप की जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।