गोल्डन कार्ड बनवाने में रांची सबसे अव्वल, सात लाख से ज्यादा लाभुकों का हुआ रजिस्ट्रेशन
प्रधानमंत्री जन अरोग्य योजना के तहत लोगों का मुफ्त गोल्डन कार्ड बनाया जा रहा है। कार्ड बनवाने में किसी तरह की समस्या आने पर लोग मोबाइल नंबर 9905315600 पर संपर्क कर सकते हैं।
रांची, जेएनएन। आयुष्मान भारत योजना के तहत रांची जिला ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। लाभुकों के रजिस्ट्रेशन के मामले में रांची जिला पहले स्थान पर है। योजना के तहत अब 7 लाख 11 हजार 545 लाभुकों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। दूसरे स्थान पर धनबाद और तीसरे स्थान पर पूर्वी सिंहभूम है।
मुफ्त बनाया जा रहा है गोल्डन कार्ड
प्रधानमंत्री जन अरोग्य योजना के तहत लोगों का मुफ्त गोल्डन कार्ड बनाया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा प्रज्ञा केंद्र में निशुल्क गोल्डन कार्ड बनवाने की व्यवस्था की गई है। कार्ड बनवाने में किसी तरह की समस्या आने पर लोग मोबाइल नंबर 9905315600 पर संपर्क कर सकते हैं।
रांची सदर अस्पताल ने भी बेहतर प्रदर्शन
आयुष्मान भारत योजना का लाभ लाभुकों को देने के मामले में रांची सदर अस्पताल ने भी बेहतर प्रदर्शन किया था। रांची सदर अस्पताल राज्य में पहले, जबकि देश के सदर अस्पतालों में दूसरे स्थान पर रहा। साथ ही योजना के तहत लाभुकों को लाभ देने के मामले में देश के सभी तरह के अस्पतालों में रांची सदर अस्पताल का स्थान 27वां रहा था।