रांची डीसी ने खेलगांव क्वारंटाइन सेंटर का लिया जायजा, साफ-सफाई व खान-पान का दिया निर्देश
Jharkhand News. निरीक्षण के दौरान रांची उपायुक्त ने खेलगांव परिसर स्थित प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को शारीरिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया।
रांची, जासं। रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने मंगलवार को खेलगांव स्थित क्वारंटाइन सेंटर एवं ट्रांजिट शेल्टर होम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सेंटर पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। ट्रांजिट शेल्टर होम से खुलनेवाली इंटर डिस्ट्रिक्ट एवं इंटरस्टेट बसों का मुआयना करने के पश्चात प्रतिनियुक्त पदधिकारियों को प्रवासी श्रमिकों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने किसी भी समस्या की स्थिति में या किसी आवश्यक जरूरत को सीधे उनके संज्ञान में लाने के लिए कहा।
बेहतर साफ सफाई का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेलगांव परिसर स्थित प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को शारीरिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया। कार्यपालक पदाधिकारी मेरी मरकी एवं अन्य को परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद श्रमिक, जिन्हें अलग-अलग बसों के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही थी, उनसे मिलकर उन्होंने उनका हाल-चाल लिया। साथ ही, खाने-पीने संबंधी व्यवस्था के बारे में उनसे जानकारी ली।
उपायुक्त राय महिमापत रे ने कहा कि महामारी के इस संकट काल में हम सभी को एकजूट हो कर चलना है। साथ ही हर जरूरतमंद की जरूरत का भी ख्याल रखना है। जिला प्रशासन हर एक व्यक्ति को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास कर रहा है। इस उद्देश्य में अन्य संगठनों से मिलने वाली मदद के लिए भी उन्होंने उनका धन्यवाद किया।