लॉकडाउन में डालसा ने पारिवारिक विवाद के 151 मामले निपटाए Ranchi News
District Legal Services Authority Jharkhand विभिन्न अदालतों से 620 मामले मध्यस्थता केंद्र भेजे गए। 315 मामले पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के हैं। ऐसे में हाईकोर्ट के निर्देश पर समय-समय पर विशेष ऑनलाइन मध्यस्थता ड्राइव चलाया जा रहा है।
रांची, जासं। लॉकडाउन के करीब छह माह में जिला विधिक सेवा प्राधिकार(डालसा) के मध्यस्थता केंद्र द्वारा पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के 151 मामले निपटाये गए। रांची व्यवहार न्यायालय के विभिन्न अदालतों द्वारा मध्यस्थता के लिए कुल 620 मामले मध्यस्थता केंद्र भेजे गए जिसमें पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद के 315 मामले थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई मध्यस्थता में विशेषज्ञ मध्यस्थ के प्रयास से 151 मामलों में सफलता मिली।
मध्यस्थों के समझाने-बुझाने पर दोनों पक्ष आपसी रजामंदी से मामला निपटाने को तैयार हो गए। इसमें डालसा सचिव अभिषेक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मालूम हो कि पूर्व डीजीपी डीके पांडेय और उनकी बहु रेखा मिश्रा का विवाद भी मध्यस्थता केंद्र में चल रहा है।
बता दें कि लॉक डाउन में सिविल कोर्ट में केस का ट्राइल बंद है, मध्यस्थता भी बंद थे। ऐसे में हाईकोर्ट के निर्देश पर समय-समय पर विशेष ऑनलाइन मध्यस्थता ड्राइव चलाया जा रहा है। 25 मार्च से नौ अक्टूबर की बात करें तो डालसा की ओर से जेल अदालत, पारिवारिक विवाद, इंश्योरेंस अदालत लगाये जिसमें सैकड़ों मामले निपटाये गए। अकेले 26 सितंबर को आयोजित इंश्योरेंस लोक अदालत में 133 मामले में सफलता मिली, जिसमें 12 करोड़ 74 लाख रुपये का सेटलमेंट हुआ। वहीं, बीते 17 अक्टूबर को लगे ई लोक अदालत में 3308 मामले निपटाये गए जबकि एक करोड़ 39 लाख रुपये का सेटलमेंट हुआ।
क्या कहते हैं डालसा सचिव
कोरोना संक्रमण के कारण सिर्फ आवश्यक मामलों की ही सुनवाई हो रही है। ऐसे में केस के निष्पादन में तेजी लाने में विशेष ई लोक अदालत काफी सहायक सिद्ध हो रही है। मध्यस्थता ड्राइव लगा कर आपसी विवाद को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल फिजिकल सुनवाई के बजाय के ऑनलाइन सुनवाई ही हो रही है। -अभिषेक कुमार, डालसा सचिव।