विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावधान! RTO चालान के नाम पर आया एक लिंक और कट गए 3.50 लाख रुपये, रांची में बड़ी Cyber ठगी

Published: Mon, 02 Mar 2026 09:47 PM (IST)

रांची में साइबर अपराधियों ने RTO चालान के नाम पर सुमीत कुमार से 3.50 लाख रुपये से अधिक की ठगी ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. संदिग्ध लिंक से फोन हैक, OTP हुए डायवर्ट।

  2. क्रेडिट कार्ड से एप्पल ऐप स्टोर कोड खरीदे गए।

जागरण संवाददाता, रांची । झारखंड की राजधानी में साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका अपनाया है। नामकुम निवासी सुमीत कुमार के साथ 'आरटीओ चालान' के नाम पर 3.50 लाख रुपये से अधिक की डिजिटल लूट को अंजाम दिया गया है। 
 
रांची साइबर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर क्राइम को लेकर लोग दहशत में हैं। 

कैसे बुना गया ठगी का जाल? 

पीड़ित सुमीत कुमार के अनुसार, रात करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान से संबंधित एक संदिग्ध मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने उसे तुरंत डिलीट कर दिया। 
 
लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महज आधे घंटे के भीतर उनके फोन पर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। 

फोन हैक कर कॉल-मैसेज किए डायवर्ट 

हैरानी की बात यह है कि जब सुमीत ने लेनदेन रोकने की कोशिश की, तो पाया कि उनका पूरा मोबाइल फोन हैक हो चुका था। साइबर अपराधियों ने उनके नंबर को किसी अन्य नंबर पर फॉरवर्ड कर दिया था, जिससे कॉल और ओटीपी (OTP) जैसे महत्वपूर्ण मैसेज सीधे ठगों के पास पहुंचने लगे।

अमेजन अकाउंट से की गई खरीदारी 

अगले दिन जब पीड़ित ने अपना फोन रीसेट कराया और अमेजन अकाउंट चेक किया, तो पता चला कि जालसाजों ने उनकी ईमेल आईडी बदल दी थी। ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर एप्पल एप स्टोर कोड (Apple App Store Codes) के नाम पर छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए।

कुल मिलाकर 3,50,399 रुपये की अवैध निकासी की गई। साइबर थाना पुलिस ने सुमीत कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस उस संदिग्ध नंबर और ट्रांजेक्शन विवरण की तकनीकी जांच कर रही है जिससे एसएमएस भेजा गया था।