Ranchi Coronavirus Updates: रांची में रिकॉर्ड 426 नए कोरोना मरीज मिले, विधायक सुदेश महतो भी संक्रमित
Ranchi Coronavirus Updates रांची के दो अस्पतालों में कोरोना से दो मौतें हुईं। रिम्स के चिकित्सकों के संक्रमित होने का सिलसिला जारी है।
जागरण संवाददाता रांची : Ranchi Coronavirus Updates रांची में दिनोंदिन कोरोना संक्रमण के आंकड़ों में इजाफा जारी है। मंगलवार को रिकॉर्ड तोड़ 426 नए मामलों की पुष्टि हुई। इसके पूर्व 412 मामले सर्वाधिक आए थे। वही सीएमओ, मंत्री, विधायक के बाद अब सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ साथ सिल्ली विधायक और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो की भी जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव निकली है। सिविल सर्जन डाॅ वीबी प्रसाद ने स्वास्थ्य मंत्री की जांच रिपोर्ट की पुष्टि की है। अब उन्हें कोविड वार्ड में भर्ती कराया जाएगा, जहां उनका इलाज होगा। जबकि सुदेश महतो ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले कुछ दिनों से उनकी थोड़ी तबियत ठीक नहीं थी। इसलिए उन्होंने अपनी जांच कराई।उन्होंने अनुरोध किया है कि पिछले कुछ दिनों में जो लोग भी उनके संपर्क में आए हैं, वे सभी अपना कोविड-19 टेस्ट करा लें।
स्वास्थ्य कर्मियों के पॉजिटिव होने का सिलसिला भी जारी :
वहीं , दूसरी तरफ रिम्स में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के पॉजिटिव होने का सिलसिला अभी जारी है। मंगलवार को जारी रिपोर्ट अनुसार सर्जरी, मेडिसिन, गायनी डिपार्टमेंट के पीजी छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए। दूसरी तरफ से एक बार फिर डेंटल विभाग में एक और चिकित्सक कोरोना की चपेट में आ गई। इसके अतिरिक्त 3 नर्स भी कोरोना पॉजिटिव हुई हैं।
होटवार जेल से 24 मिले संक्रमित :
दूसरी ओर होटवार स्थिति बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में 20 कैदियों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आयी है। इसमें से नौ महिला कैदी और 11 पुरुष कैदी शामिल है। सभी को अलग-अलग वार्ड में इलाज चल रहा है। इसके अलावा एक कर्मी और तीन दैनिक मजदूर भी संक्रमित पाए गए हैं। कुल मिलाकर जेल से 24 संक्रमित मिले, इससे पहले सोमवार को 44 लोग संक्रमित मिले थे, इसमें से 38 कैदी व छह कर्मचारी संक्रमित थे।
रांची में दो मरीजों की हुई मौत :
राजधानी में मंगलवार को दो मौत हुई, इसमें से एक राजधानी स्थित बीकेबी माॅल के मालिक हैं। इनकी तबियत खराब होने के बाद इन्हें आॅर्किड अस्पताल में भर्ती करया गया था। जहां इनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इनका कोरोना जांच रिपोर्ट सोमवार की देर रात को आया, जिसमें इन्हें सक्रमित दिखाया गया है। दूसरी तरफ एक और निजी अस्पताल में दुमका के चिकित्सक की कोरोना से मौत हो गई।
न्यायाधीश का सिटी स्कैन रहा ठीक :
उच्च न्यायालय के न्यायाधीश का मंगलवार को सिटी स्कैन कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक सिटी स्कैन में किसी भी तरह का फाइंडिंग नहीं पाया गया। इलाज जारी है।