Ranchi News: हनुमान प्रतिमा तोड़ने के आरोप में रमीज अहमद गिरफ्तार, सीसीटीवी से पुलिस ने दबोचा
Ranchi Communal Tension राजधानी रांची के मेन रोड में हनुमान जी मूर्ति खंडित होने के बाद सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई है। कई थानों की पुलिस रांची के मुख्य मार्च पर इस समय फ्लैग मार्च कर रही है।
रांची, जागरण संवाददाता। Ranchi Communal Tension झारखंड की राजधानी रांची के मेन रोड में हनुमान जी की मूर्ति को खंडित करने के मामले में रांची पुलिस ने एक आरोपित रमीज अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से थाने में पूछताछ की जा रही है। उधर, सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए रांची मेन रोड और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और उपद्रवियों से निपटने के लिए मेन रोड में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी तरफ के अफवाहों पर ध्यान नहीं दें।
खंडित प्रतिमा देखने के बाद भड़े उठे स्थानीय लोग
मालूम हो कि रांची मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर में असामाजिक तत्वों ने मंगलवार की देर रात हनुमान जी की मूर्ति को खंडित कर दिया था। मूर्ति खंडित होने के बाद बुधवार की सुबह मल्लाह टोली मे़ रहने वाले लोग एकजुट हो गए और हंगामा करने लगे। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। उग्र लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। लोगों का कहना था कि मूर्ति को खंडित कर शहर में अशांति फैलाने की कोशिश की गई है। किसी हाल में मूर्ति को खंडित करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
सीसीटीवी के आधार पर पकड़ा गया रमीज अहमद
इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि पूरे इलाके की सीसीटीवी की जांच की जाएगी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की। इसके बाद एक आरोपित रमीज अहमद की गिरफ्तारी हुई। अब पुलिस यह पता लगा रही कि इस घटना को किस मकसद से अंजाम दिया गया। इस घटना में और कौन कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपित से लगातार पूछताछ कर रही है। उसने पुलिस को क्या जानकारी दी है, इस बारे में पुलिस ने अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है।
चंद रोज पहले ही रांची घोषित हुआ संवेदनशील
पुलिस का कहना है कि इस घटना में जितने भी लोग शामिल हैं उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस उन्हें हर हाल में गिरफ्तार करेगी। मालूम हो कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। इसके बाद भी असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस को भनक तक नहीं लगी। चंद रोज पहले ही पुलिस मुख्यालय ने बयान जारी कर कहा था कि रांची संवेदनशील क्षेत्रों में शुमार है। यहां दुर्गा पूजा पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। बावजूद पुलिस से यह चूक हो गई।
मंदिर के पुजारी ने सबसे पहले देखी खंडित प्रतिमा
स्थानीय लोगों ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि जब मंदिर के पुजारी सुबह में पूजा करने के लिए पहुंचे तो देखा कि हनुमान जी की मूर्ति को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने लोगों को जानकारी दी। इसके बाद लोग आक्रोशित हो उठे। घटना की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। भाजपा ने इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जिम्मेदार ठहराया है।
इसी इलाके में हुई थी पुलिस-प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत
मालूम हो कि यह वही इलाका है, जहां कुछ माह पहले जुमे की नमाज के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत हो गई थी। भीड़ पर पुलिस ने फायरिंग कर दी थी। दो लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग घायल हो गए थे। यह प्रदर्शन भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा द्वारा हजरत मोहम्मद साहब पर किए गए अभद्र टिप्पणी के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग कर रहे थे। अब भी इस मामले की जांच जारी है। इस मामले में यह बात सामने आ चुकी है कि यह हिंसा-प्रदर्शन प्रायोजित था। बाहर के लोगों ने यहां आकर स्थानीय लोगों को भड़काया था।