राजधानी की सड़कों पर सक्रिय स्नैचरों से रहें सावधान, रांची में साढ़े 14 घंटे में पांच छिनतई
रांची में साढ़े 14 घंटे के भीतर छिनतई की पांच घटनाएं सामने आईं, जिनमें मोबाइल और सोने की चेन झपटने ...और पढ़ें

रांची की सड़कों पर सक्रिय स्नैचरों से रहें सावधान।
HighLights
रांची में साढ़े 14 घंटे में पांच छिनतई की घटनाएं हुईं।
मोबाइल और सोने की चेन झपटने के मामले सामने आए।
टेंपो चालक ने यात्री को चाकू की नोक पर लूटा।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची में सड़क पर निकलते समय सावधान रहें। सुबह की सैर हो या रात में घर लौटना, मोबाइल या सोने की चेन लेकर सड़क पर चलना अब जोखिम से खाली नहीं है। गुरुवार को शहर में महज साढ़े 14 घंटे के भीतर छिनतई की पांच घटनाएं सामने आईं।
कहीं पीछे से बाइक सवार ने मोबाइल झपटा तो कहीं हेलमेट पहने बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। रात में तो अपराधियों ने टेंपो चालक की मदद से यात्री को सुनसान जगह ले जाकर चाकू की नोक पर मोबाइल, नकदी और जरूरी कागजात लूट लिए।
इन घटनाओं में एक समानता यह भी रही कि अधिकांश मामलों में अपराधियों ने पीड़ित की गतिविधि पर नजर रखी और मौका मिलते ही घटना को अंजाम दिया। सुबह करीब 7:45 बजे से रात 10:20 बजे तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुई इन घटनाओं ने सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और स्नैचरों की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुरुवार को ही लालपुर और लोअर बाजार थाना में दो लोगों ने चेन छिनतई की घटना होने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस कांड का पुलिस खुलासा कर पाती इससे पहले और पांच घटनाएं पुलिस के सामने आ गई।
सुबह टहलने निकलीं, बाइक सवारों ने चेन झपटी
सुबह करीब 7:45 बजे रंजना कुमारी अपनी दो महिला मित्रों के साथ टहलते हुए घर लौट रही थीं। पंडरा ओपी क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास लेदर शोरूम के नजदीक बाइक सवार दो युवक पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने उनके गले से करीब 20 से 25 ग्राम की सोने की चेन झपट ली।
रंजना के शोर मचाने पर दोनों बदमाश पंडरा की ओर भाग निकले। दोनों हेलमेट पहने हुए थे। पीछे बैठे युवक ने काले रंग की टी शर्ट पहन रखी थी।
स्कूटी पर बैठी महिला से हुई चेन की छिनतई
जयपाल सिंह स्टेडियम से टहलकर लौट रहे मो फैयाज अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से कचहरी की ओर जा रहे थे। गंगा स्वीट्स के पास काले रंग की बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी युवकों ने पीछे बैठी उनकी पत्नी शहजादी बेगम के गले से सोने की चेन झपटी और कचहरी चौक की ओर भाग गए।
बात करते हुए जा रही युवती का मोबाइल झपटा
गुरुवार को दोपहर 1:30 बजे मारवाड़ी कालेज से घर लौट रही 18 वर्षीय युवती सेवा सदन के पहले फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान पीछे से काले रंग की बाइक पर आए युवक ने उसके हाथ से मोबाइल झपटा और बड़ा तालाब की ओर भाग गया। युवती अकेली थी, इसलिए वह घर लौट गई और अगले दिन पिता के साथ कोतवाली थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
रात में टेंपो बना लूट का जरिया
रात करीब 9:30 बजे गया से रांची पहुंचे सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी मो अंजर अहमद अरगोड़ा जाने के लिए पियाजियो टेंपो में बैठे। टेंपो में पहले से एक युवक बैठा था। रास्ते में चालक ने मुख्य मार्ग छोड़कर फल मंडी रोड की ओर टेंपो मोड़ दिया। चालक ने कागज देने की बात कही।
इसके बाद टेंपो को सुनसान जगह पर रोककर चालक और उसके साथी ने चाकू दिखाकर यात्री से सामान निकालने को कहा।
बदमाश 22 हजार रुपये नकद, सरकारी नौकरी से जुड़े कागजात, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पीड़ित के आवेदन पर अरगोड़ा थाना में केस दर्ज किया गया है।
रात में स्कूटी से लौटते समय मोबाइल झपटा
रात करीब 10:20 बजे विनित कुमार पोद्दार परिवार के साथ स्कूटी से बड़ा तालाब होते हुए सेवा सदन के पास पहुंचे थे। तभी पीछे से काले रंग की बाइक पर आए युवक ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया। बाइक का नंबर 3573 बताया गया है। पीड़ित ने पीछा किया, लेकिन बदमाश हिंदपीढ़ी की ओर भाग निकला।
ऐसे करें बचाओ
- सड़क पर चलते समय मोबाइल हाथ में लेकर बात करने से बचें।
- सुनसान या कम भीड़ वाले रास्ते पर फोन का इस्तेमाल नहीं करें।
- महिलाएं चेन को कपड़े से ढककर रखें और सड़क की बाहरी तरफ चलने से बचें।
- पीछे से बाइक आने पर सतर्क रहें।
- अंजान टेंपो या आटो में बैठने से पहले चालक और वाहन की जानकारी देख लें।
- चालक रास्ता बदलता है तो तुरंत आपत्ति करें और जरूरत पड़ने पर वाहन से उतरकर सुरक्षित जगह जाएं।
- छिनतई होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं और पुलिस को सूचना दें।
- मोबाइल में स्क्रीन लाक, बैंकिंग ऐप की सुरक्षा और जरूरी दस्तावेजों की डिजिटल कापी सुरक्षित रखें
