विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में जमीन मामले में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, बुढ़मू सीओ और कर्मचारी ACB की गिरफ्त में

Published: Thu, 09 Jul 2026 08:22 PM (IST)

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुढ़मू अंचल के सीओ सच्चिदानंद कुमार वर्मा और हल्का कर्मचारी राजेश सोनी को जमीन संबंधित ...और पढ़ें

एसीबी ने बुधवार को कर्मचारी को लिया हिरासत में, पूछताछ के बाद अगले दिन सीओ को उठाया।

एसीबी ने बुधवार को कर्मचारी को लिया हिरासत में, पूछताछ के बाद अगले दिन सीओ को उठाया।

HighLights

  1. एसीबी ने बुढ़मू सीओ व कर्मचारी को हिरासत में लिया।

  2. जमीन मामले में रिश्वत मांगने का आरोप है उनपर।

  3. जमीन मालिक की शिकायत पर हुई यह कार्रवाई।

राज्य ब्यूरो, रांची। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुढ़मू अंचल के सीओ सच्चिदानंद कुमार वर्मा व हल्का कर्मचारी राजेश सोनी को हिरासत में लिया है। उनपर जमीन संबंधित एक मामले में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

एसीबी ने बुधवार की शाम पहले बुढ़मू अंचल के हल्का कर्मचारी राजेश सोनी को रातू रोड से हिरासत में लिया था। राजेश सोनी से पूछताछ के बाद ही एसीबी ने गुरुवार की सुबह सीओ सच्चिदानंद कुमार वर्मा को उनके मोरहाबादी स्थित आवास से हिरासत में लिया।

इस पूरे प्रकरण में एसीबी के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है और कुछ भी बोलने से फिलहाल बच रहे हैं। सीओ सच्चिदानंद कुमार वर्मा बुढ़मू में पिछले ढाई साल से कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार बुढ़मू अंचल के ओझा साड़म गांव में स्थित एक जमीन के मामले में हल्का कर्मचारी राजेश सोनी ने जमीन मालिक से रुपये की मांग की थी।

जमीन मालिक को साफ कहा गया था कि पैसे देने के बाद ही उनका काम होगा। जमीन मालिक ने एसीबी से इसकी शिकायत की थी। बुधवार की शाम हल्का कर्मचारी ने जमीन मालिक को रातू रोड में मिलने के लिए बुलाया था।

पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे पकड़ा और एसीबी कार्यालय ले गई। उससे रात में पूछताछ के बाद दूसरे दिन सीओ को भी पकड़कर ले गई। पिछले साल 31 अक्टूबर को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने भी बुढ़मू अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण के दौरान बुढ़मू अंचल कार्यालय की व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी थी।