राखी की मिठास पर महंगाई का असर! रांची में इन मिठाइयों के बढ़े दाम... बदल गया लोगों के गिफ्ट देने का अंदाज
चीनी के दाम में तेज बढ़ोतरी के कारण इस राखी पर रांची में मिठाइयों की कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे ...और पढ़ें

चीनी की कीमत बढ़ने से मिठाइयों के दाम में वृद्धि।
HighLights
चीनी की कीमत बढ़ने से मिठाइयों के दाम में वृद्धि।
राखी पर अब ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट, वाउचर बन रहे पसंद।
जागरण संवाददाता, रांची। राखी पर इस बार भाई की कलाई पर बहन का प्यार तो बंधेगा, लेकिन मिठाई का डिब्बा खरीदते समय जेब कुछ ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। त्योहार से पहले चीनी के दाम में हुई तेज बढ़ोतरी का असर राजधानी के मिठाई बाजार में साफ दिखाई देने लगा है। रसगुल्ला से लेकर रसमलाई और दूसरी मिठाइयों की कीमत में दो से 10 रुपये तक की वृद्धि हुई है।
वहीं, मिठाई की बढ़ती कीमत और मिलावट की चिंता ने लोगों के गिफ्ट का अंदाज भी बदल दिया है। अब कई भाई मिठाई के साथ या उसकी जगह ड्राई फ्रूट, चॉकलेट हैंपर, फ्रूट बास्केट और गिफ्ट वाउचर को पसंद कर रहे हैं।
रक्षाबंधन पर बाजार में मिठाई की मांग बनी रहेगी, लेकिन इस बार मिठास के साथ गिफ्ट की पसंद भी बदलती नजर आ रही है। ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे आकर्षक पैकेजिंग के साथ उत्पाद की गुणवत्ता, पैकिंग की तारीख, उपयोग की अवधि और कीमत की जानकारी भी जरूर जांचें। इससे त्योहार की खुशी के साथ सेहत और जेब, दोनों सुरक्षित रहेंगे।

दो सप्ताह में चीनी के भाव में 15 रुपये तक उछाल
मिठाई कारोबारियों के अनुसार, पिछले दो सप्ताह में चीनी के दाम में करीब 15 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। सामान्य दिनों में चीनी के भाव में दो-चार रुपये का उतार-चढ़ाव होता था, लेकिन इस बार अचानक हुई वृद्धि ने मिठाई कारोबारियों का गणित बिगाड़ दिया है। कच्चे माल की लागत बढ़ने के बाद दुकानदारों ने भी मिठाइयों के दाम बढ़ा दिए हैं।
रसगुल्ला हुआ पांच रुपये तक महंगा
रांची में मिठाई की खरीदारी हो और रसगुल्ला न हो, ऐसा कम ही होता है। लेकिन इस बार रसगुल्ले के लिए भी अधिक कीमत चुकानी होगी। करीब दो सप्ताह पहले 12 से 15 रुपये पीस मिलने वाला रसगुल्ला अब 16 से 18 रुपये तक पहुंच गया है। यानी एक पीस पर करीब पांच रुपये तक का अंतर आ गया है।
इसी तरह 45 से 50 रुपये में मिलने वाली दो पीस रसमलाई अब 50 से 60 रुपये में बिक रही है। अन्य मिठाइयों की कीमत में भी दो-तीन रुपये से लेकर 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। त्योहार के दौरान मांग बढ़ने पर कीमतों में और बदलाव की आशंका से भी कारोबारी इनकार नहीं कर रहे हैं।
मिठाई खरीदें, तो सिर्फ स्वाद नहीं, तारीख भी देखें
त्योहार के दौरान मिठाई की मांग अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में ग्राहक खरीदारी करते समय सिर्फ दुकान और कीमत देखकर संतुष्ट न हों। कई दुकानों में शोकेस में रखी मिठाइयों पर कीमत, तैयार होने की तारीख या उपयोग की अवधि की जानकारी स्पष्ट नहीं दिखाई देती। ग्राहकों को यह जरूर देखना चाहिए कि मिठाई ताजा है या नहीं।
पैक मिठाई खरीदते समय पैकिंग और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर जांचें। खुले में रखी मिठाई में रंग, गंध और बनावट में असामान्यता नजर आए तो उसे खरीदने से बचना बेहतर होगा। त्योहार के समय खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
राजधानी में बदल रहा गिफ्ट का अंदाज
राखी पर भाई अब केवल मिठाई का डिब्बा लेकर बहन के घर नहीं पहुंच रहे हैं। बाजार में गिफ्ट की पसंद तेजी से बदल रही है। खासकर युवा और नौकरीपेशा लोग बहनों के लिए ऐसा उपहार चुन रहे हैं जो आकर्षक होने के साथ उपयोगी भी हो। रेडियम रोड स्थित महेश जायसवाल के गिफ्ट कलेक्शन में रक्षाबंधन को लेकर खरीदारों की भीड़ बढ़ी है।
यहां 3,500 रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक के ड्राई फ्रूट बास्केट उपलब्ध हैं। प्रीमियम पैकेज में बादाम, काजू, किशमिश और पिस्ता के साथ साटेड और चाकलेट कोटेड विकल्प भी हैं।

स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर चुन रहे गिफ्ट
मिठाई की जगह ड्राई फ्रूट बास्केट और फ्रूट बास्केट की मांग बढ़ने की एक वजह स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती जागरूकता भी है। कई खरीदारों का कहना है कि मिठाई कुछ दिनों में खत्म हो जाती है, जबकि ड्राई फ्रूट उपयोगी भी है और लंबे समय तक रखा जा सकता है।
चॉकलेट हैंपर और आकर्षक पैकेजिंग वाले गिफ्ट भी युवाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इसकी बुकिंग और घर तक डिलीवरी की सुविधा ने खरीदारी को और आसान बना दिया है।

पसंद का गिफ्ट देने के लिए वाउचर भी विकल्प
इस बार गिफ्ट वाउचर भी राखी के बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं। कई भाई बहनों को उनकी पसंद का सामान खरीदने की आजादी देने के लिए वाउचर दे रहे हैं। स्थानीय गिफ्ट शॉप से लेकर ई-कामर्स प्लेटफार्म तक अलग-अलग राशि के वाउचर उपलब्ध हैं। यानी राखी के बाजार में इस बार दो तस्वीरें साथ-साथ दिख रही हैं।
एक तरफ चीनी महंगी होने से मिठाई की कीमत बढ़ी है, तो दूसरी तरफ लोग पारंपरिक मिठाई से आगे बढ़कर ड्राई फ्रूट, चॉकलेट और वाउचर जैसे विकल्प तलाश रहे हैं। त्योहार की मिठास कायम है, बस उसे जताने का अंदाज बदल रहा है।
चीनी के दाम में इतनी बड़ी वृद्धि लंबे समय बाद देखने को मिली है। जिसका असर मिठाई आदि के दाम पर देखने को मिल रहा है।
-कृष्णा साहू, संचालक, कृष्णा स्वीट्स, अपर चुटिया
आने वाले दिनों में चीनी के भाव और बढ़े, तो मिठाई की कीमतों में फिर बदलाव करना पड़ सकता है। मिठाई ही नहीं, कई खाद्य सामग्रियों के दाम में बढोत्तरी देखी जा रही है।
-सतपाल गुप्ता, संचालक, फ्लेब्स स्टीट्स, सेक्टर दो
राखी में पहले से गिफ्ट के लिए आर्डर आ रहे है। इस बार ड्राइ फ्रुट और फल के बास्केट ज्यादा डिमांड में है। चाकलेट पैकेट भी विशेष रुप से तैयार करवाये जा रहे हैं।
-महेश कुमार, गिफ्ट सेंटर, रेडियम रोड
